लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव श्री आलोक रंजन ने प्रदेश के समस्त विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्षों को निर्देश दिये हैं कि शहरों को विकसित करने हेतु योजनाओं के क्रियान्वयन में और अधिक गति लाकर योजनाओं को निर्धारित अवधि एवं समय से पूर्ण करायें। उन्होंने कहा कि जनपद इलाहाबाद में सिविल लाइन में मल्टी लेवल पार्किंग को विकसित कराने के साथ-साथ चन्द्रशेखर आजाद पार्क एवं भरद्वाज आश्रम पार्क सहित अन्य पार्कों को भी विकसित करने हेतु व्यापक योजना बनायी जाये।उन्होंने कहा कि वाराणसी में न्यायालय द्वारा पारित आदेशों को दृष्टिगत रखते हुये घाटों की मरम्मत हेतु योजना शीघ्र बनाई जाये। उन्होंने कहा कि घाटों पर साउण्ड सिस्टम विकसित कर भजन संध्या का प्रसारण कराया जाये। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में प्रमुख घाटों को विकसित करने हेतु योजना बनायी जाये।
मुख्य सचिव आज शास्त्री भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष के सभागार में समस्त विकास प्राधिकरणों के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कानपुर में इंटीग्रेटेड ट्रैफिक कण्ट्रोल रूम की स्थापना के साथ-साथ अन्य विकास परियोजनाओं के कार्यों में गति देकर निर्धारित अवधि में पूर्ण कराने हेतु हर संभव प्रयास सुनिश्चित किये जायें। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को शहरों में बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने हेतु योजनाओं का क्रियान्वयन प्राथमिकता से सुनिश्चित किया जाना चाहिये। उन्होंने कहा कि विकास प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी अपने शहरों के विकास हेतु योजनाओं का प्रारूप बनाकर सक्षम स्तर से अनुमोदन प्राप्त करने हेतु आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता से सुनिश्चित करायें, ताकि शहरों का अधिक से अधिक विकास हो सके।
बैठक में प्रमुख सचिव आवास श्री सदाकान्त सहित समस्त विकास प्राधिकरणों के उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।
https://rashtriyadinmaan.com
