
सदन में प्रभावी और तर्कसंगत चर्चा से समाधान निकलता है: मुख्यमंत्री
सभी दलों ने विधान सभा सत्र के सुचारु संचालन का भरोसा दिया
बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 अटल बिहारी वाजपेयी जी
को श्रद्धांजलि अर्पित की गई
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष श्री हृदय नारायण दीक्षित ने सभी दलों से 23 अगस्त, 2018 से प्रारम्भ हो रहे विधान सभा सत्र के सुचारु संचालन के लिए सहयोग देने का अनुरोध किया है। आज यहां विधान भवन में आहूत एक सर्वदलीय बैठक में उन्होंने कहा कि तार्किक, तथ्यपरक एवं गुणवत्तापूर्ण संवाद से जनसमस्याओं का सार्थक समाधान किया जा सकता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री तथा नेता सदन योगी आदित्यनाथ ने सत्र के सुचारू संचालन में सत्ता पक्ष के पूरे सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि सदन की कार्यवाही बाधित करने से नहीं बल्कि सदन में प्रभावी और तर्कसंगत चर्चा से समाधान निकलता है।
मुख्यमंत्री ने सर्वदलीय बैठक में मौजूद प्रतिनिधियों के समक्ष पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 अटल बिहारी वाजपेयी जी के प्रति विनम्र श्रद्धांजलि का प्रस्ताव देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश उनकी कर्म भूमि रह चुका है। लखनऊ से वे 05 बार सांसद चुने गए, जबकि बलरामपुर से वे 02 बार सांसद चुने गए। अटल जी नेे देश में विचारों और मूल्यों पर आधारित राजनीति को बढ़ावा देते हुए एक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि 23 अगस्त, 2018 से प्रारम्भ हो रहे विधान सभा सत्र में श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधान सभा को सुचारु रूप से चलाने के लिए सभी दलों का सहयोग आवश्यक है। जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार सकारात्मक चर्चा के लिए हमेशा सहयोग देगी। उन्हांेने कहा कि उत्तर प्रदेश विधान सभा देश की सबसे बड़ी विधान सभा है। ऐसे में, सभी सदस्यों की सामूहिक जिम्मेदारी है कि इसकी सभी कार्यवाहियां सुचारु रूप से चलें। संवाद लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। तथ्यों पर आधारित मुद्दों पर चर्चा से जनता में सही संदेश जाता है।
मुख्यमंत्री ने विधान सभा में चर्चा के दौरान व्यक्तिगत आक्षेपों से बचने का सुझाव देते हुये कहा कि व्यक्तिगत आरोप लगाने से जनता के बीच जनप्रतिनिधियों की छवि खराब होती है। विधान सभा की कार्यवाही चलाने में विपक्ष का सहयोग अत्यन्त आवश्यक है। इस सत्र में विधान सभा में विशिष्ट विषयों/मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने विधान सभा को सार्थक चर्चा का मंच बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सदन की कार्यवाही के दौरान अधिकाधिक सदस्यों को अपनी बात रखने का अवसर मिलना चाहिए।
संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश खन्ना ने कहा कि पक्ष एवं विपक्ष के सहयोग से ही सदन को सुचारु रूप से चलाया जा सकता है।
बैठक के अंत में विधान सभा अध्यक्ष के नेतृत्व में सभी दलों के प्रतिनिधियों ने पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
बैठक में नेता विपक्ष श्री रामगोविन्द चैधरी, बहुजन समाज पार्टी के श्री लालजी वर्मा, कांग्रेस पार्टी के श्री अजय कुमार ‘लल्लू’ तथा राज्य सरकार के मंत्री तथा सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश राजभर ने अपने-अपने दलों की ओर से पूरा सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
https://rashtriyadinmaan.com
