
लखनऊ: समाजवादी पार्टी का 8वां राज्य अधिवेशन रमाबाई अंबेडकर मैदान में हुआ। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में 5 बार मुलायम सिंह यादव का नाम लिया। उन्होंने कहा कि हमें नेताजी का आशीर्वाद मिला हुआ है। हम किसी के रोके नहीं रुकेंगे। यूपी में बीजेपी सरकार के 6 महीने पूरे हो गए। जिन्हें बहुत वोट मिला उनके बारे में जनता सोच रही है कि किसे बैठा दिया। प्रदेश सरकार ने जो श्वेत पत्र जारी किया वो सफेद झूठ का पुलिंदा है। हमने अभी तो दिल्ली वाली सरकार का आंकलन किया ही नहीं। हमने उनसे भी ज्यादा काम किया है।
योगी सरकार ने किसानों के साथ धोखा देने का काम किया है। वादा कुछ और किया था और काम कुछ और किया। यह सरकार मेट्रो को पीएम मोदी का सपना बता रही है। अगर ऐसा है तो कम से कम वाराणसी में ही मेट्रो चलवा दो।
अखिलेश ने कहा कि सीएम योगी कहते हैं कि डायल 100 में करप्शन है अगर ऐसा है तो कार्रवाई कौन करेगा। वह खुद प्रदेश के मुखिया हैं उन्हें कार्रवाई करनी चाहिए, लेकिन ये लोग केवल बोलने का काम करते हैं।
अखिलेश ने कहा कि नेता जी (मुलायम सिंह यादव) ने पार्टी को आगे बढ़ाने काम किया। वो मेरे पिता जी तो है हीं और पिता जी के आशीर्वाद से हम लोग और आगे जाने का काम करेंगे। उनका आशीर्वाद हमेशा बना रहेगा। ये हम आप सभी को बता रहे हैं। अखिलेश ने कहा कि यह समय बनावटी समाजवादियों से बचने का है। इन लोगों की वजह से हम चुनाव हार गए।
इस अधिवेशन के बाद इस बात की भी संभावनाएं प्रबल हो गई हैं कि पिता मुलायम और चाचा शिवपाल ने अखिलेश से अपने सारे राजनीतिक संबंध तोड़ दिए हैं। बता दें कि मुलायम और शिवपाल ने इस अधिवेशन में शिरकत नहीं की। इस अधिवेशन में बतौर निर्वाचन अधिकारी रामगोपाल यादव ने प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा करते हुए कहा कि किसी अन्य का नाम नहीं होने की वजह से नरेश उत्तम को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया जाता है। माना जा रहा है कि 25 सितंबर को मुलायम सिंह यादव प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कोई नया ऐलान कर सकते हैं।

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने कहा कि आप सभी को यहां से कुछ लेकर जाना है। आज मुलायम सिंह और अखिलेश यादव के साथ रहते मुझे काफी वक्त हो गया। मेरी आधी सदी पूरी हो गई है। समाजवादियों के साथ कुछ गैरों ने अन्याय किया। कुछ अपनों ने किया. जो लोग आस्तीन का सांप बन गए। उन्होंने आस्तीन को डस लिया। कुछ सामने से रहे और कुछ पर्दे के पीछे रहे। लिहाजा सत्ता चली गई और जिन लोगों को सत्ता मिली, कहीं न कहीं उनकी मदद होती रही। कई सरकारों को आते-जाते देखा है। हमें ऐसे आस्तीनों के सांपों को दूर रखना होगा।
ये हिन्दू, मुस्लिम, सिख,ईसाई को बांटकर अलग करने की तैयारी में हैं। कहीं ऐसा न हो, कल हिंदुस्तान में हमारी हालत रोहिंग्या मुस्लिमों जैसी हो जाए। याद रखना, तुम्हारे लिए कहीं आने वाला रोहिंग्या मुसलमानों जैसा न हो जाए।
आजम खान ने कहा कि आग से मत खेलो। इस ख्याल में मत रहना कि दुश्मन घात में नहीं बैठा है। सावधान रहें. मेरे बारे में कोई गलतफहमी नहीं रहनी चाहिए। मैं आज भी कहने आया हूं कि मुझ पर भरोसा रखो। उन्होंने कहा कि ताली दोनों हाथों से बजती है। अगर दिये जलें तो हमारी बीबी और बहनों के हाथों से सिवइयों को भी खाओ। उन्होंने कहा कि मुझे लोग कहते हैं कि पाकिस्तान चले जाओ। आजम ने सवाल किया कि बताओ इंसानियत के दुश्मनों कि क्या देश का सबसे अच्छा मेडिकल कॉलेज, यूनिवर्सिटी मैंने पाकिस्तान ले जाने के लिये बनाए हैं।
क्या बोले नरेश अग्रवाल ?
सपा सांसद नरेश अग्रवाल ने कहा कि जिन लोगों ने ग़द्दारी की, उन लोगों को माफ़ी नही मिलनी चाहिए। नेता जी ने यही ग़लती की। चोरों से कहा चोरी करो, साहूकारों से कहा जागते रहो। नरेश अग्रवाल ने कहा कि मैं योगी बाबा से केवल यही कहना चाहूंगा कि आप सावधान रहना। बाबाओं का सही समय नहीं चल रहा है।

क्या बोले रामगोपाल यादव ?
सपा सांसद रामगोपाल यादव ने कह कि कई लोग नारा लगा रहे हैं कि आरएसएस का मुक़ाबला करोगे तो जैसे पहले हार हुई है वैसे ही आगे होगा। सीएम योगी गोरखपुर से बाहर निकले नहीं तो उनको क्या पता चलेगा। आप देख रहे हैं कि भगवा पहनने वालों का क्या हाल हों रहा है।! रोज़ जेल जा रहे हैं।
https://rashtriyadinmaan.com
