LDA के विशेष शिविर में हुई 16 रजिस्ट्री, मानचित्र के 29 प्रकरण हुए निस्तारित


तीन दिवसीय शिविर में एक ही पटल पर निस्तारित हुए जन मानस के प्रकरण

लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा लोगों की सुविधा के लिए आज से तीन दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन शुरू हुआ। जिसमें रजिस्ट्री, नक्शे व कम्पाउडिंग के प्रकरणों को एक ही पटल पर निस्तारित किया गया। आज शिविर के पहले दिन 34 सम्पत्तियों का अनुमोदन किया गया, जिसमें से 16 आवंटियों द्वारा सम्पत्तियों की रजिस्ट्री कराई गई। इसी के साथ मानचित्र के 29 प्रकरणों का निस्तारण किया गया।

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी के निर्देश पर प्राधिकरण भवन के भूतल स्थित कमेटी हाल में आयोजित किये गये शिविर में लोगों की भीड़ उमड़ी। इस दौरान उपाध्यक्ष ने शिविर में आकर लोगों से बातचीत की और वहां उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पूरा प्रयास करें कि शिविर में ही आवंटियों की समस्याओं का निस्तारण किया जा सके।

प्राधिकरण के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि रजिस्ट्री शिविर में आवंटियों द्वारा समस्त औपचारिकताएं पूर्ण कराकर निबन्धन की कार्यवाही की गई। वहीं, मुख्य नगर नियोजक नितिन मित्तल ने बताया कि मानचित्र शिविर में कुल 29 प्रकरणों का अलग-अलग निस्तारण किया गया। इसमें 12 मानचित्र स्वीकृत किये गये, 5 मानचित्र निर्गत हुए तथा 6 प्रकरणों में आपत्तियों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा लैण्ड यूज से सम्बन्धित 2 प्रकरण निस्तारित किये गये। उन्होंने बताया कि 4 मामले साफ्टवेयर से सम्बन्धित थे, जिनके निराकरण हेतु मेसर्स साफ्टेक के प्रतिनिधि को निर्देशित किया गया।

अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि आज माह के तीसरे गुरूवार को प्राधिकरण दिवस का भी आयोजन किया गया। इसमें कुल 38 प्रकरण आये, जिनके समयबद्ध निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।


Scroll To Top
Translate »