TMC सांसद सुदीप बंदोपाध्याय को CBI ने किया गिरफ्तार, ममता बोलीं- मोदी-शाह को करें अरेस्ट


 

 

mamta-banerjee

 

कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद सुदीप बंदोपाध्याय को मंगलवार को रोजवैली चिटफंड घोटाला मामले में सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया। सुदीप बंदोपाध्याय इस मामले में सीबीआई के सामने पेश हुए थे। सीबीआई ने सुदीप से पूछताछ के लिए तीसरा नोटिस जारी किया था। पहले के दो नोटिसों का उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया था। इससे पहले सीबीआई के नोटिस पर सुदीप बांदोपाध्याय ने कहा था, ‘मुझे नहीं पता कि मुझे क्यों नोटिस भेजा जा रहा है। यही जानने के लिए मैं आया हूं।

इस मामले पर ममता बनर्जी ने पीएम नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्‍यक्ष अमित शाह पर जमकर भड़ास निकाली। ममता ने अमित शाह और मोदी को गिरफ्तार करने की मांग तक कर डाली। उन्‍होंने बातचीत में कहा, ‘पीएम मोदी और अमित शाह को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
ममता ने कहा, ‘पीएम भारतीय राजनीति को नहीं समझते। अगर वे सोचते हैं कि गिरफ्तारी के बाद हम प्रदर्शन नहीं करेंगे, तो वे गलत हैं। हम कानूनी लड़ाई लड़ेंगे, अदालत से न्‍याय मांगेंगे।’ बनर्जी ने आगे कहा, ‘मोदी लोगों की आवाज नहीं दबा सकते। कई राजनैतिक दल डरे हुए हैं, मगर बोल नहीं पा रहे।’
बनर्जी ने नोटबंदी के मुद्दे पर भी सरकार को कोसते हुए कहा, ‘लोगों को नोटबंदी के खिलाफ सड़कों पर उतरना चाहिए। लोग उन्‍हें सबक सिखाएंगे। हम 9 जनवरी को कोलकाता में 10 और 11 जनवरी को दिल्‍ली में आरबीआई के सामने प्रदर्शन करेंगे।’

 

गौरतलब है इसी मामले में टीएमसी के एक अन्य सांसद तपस पाल से सीबीआई ने पिछले हफ्ते पूछताछ की थी। जिसके बाद तपस पाल को गिरफ्तार कर लिया गया था।

नोटबंदी के विरोध पर हो रही कार्रवाई
तृणमूल कांग्रेस ने सीबीआई की कार्रवाई में अचानक आई तेजी के लिए केंद्र सरकार पर आरोप लगाया है। कहा है कि ये बदले की कार्रवाई है। टीएमसी का कहना है कि ‘नोटबंदी के खिलाफ टीएमसी के अभियान के बदले में ये कार्रवाई की जा रही है।’


Scroll To Top
Translate »