लंदन में 24 मंजिला इमारत आग में जली, कई लोगों की गई जान, 50 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती


london-fire

 

लंदन | बुधवार (14 जून) को ब्रिटेन की राजधानी लंदन में एक 24 मंजिला इमारत में आग लगने से कई लोगों के मारे जाने की खबर है। 50 से ज्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरने वालों की ठीक संख्या अभी तक नहीं पता चली है। ग्रेनफेल टावर नामक इमारत पश्चिम लंदन के लाटीमेर रोड पर स्थित है। इमारत में लगी आग बुझाने के लिए दमकल की 40 गाड़ियां और 200 बचावकर्मी मौके पर पहुंची थी। आग लगने का कारण अभी तक नहीं पता चला है। रिपोर्ट के अनुसार इमरात में सौ से ज्यादा लोग रहते हैं। गॉर्डियन की रिपोर्ट के अनुसार इस इमारत में 120 फ्लैट हैं। पहले खबर आई थी कि ये इमारत 27 मंजिला थी। आग में बुरी तरह जल चुकी इमारत के गिरने की आशंका जताई जा रही है।

द टेलीग्राफ की रिपोर्ट के अनुसार इमारत में आग लगने के बाद लोगों मदद के लिए गुहार लगाते सुने गए। कुछ लोग इमारत से बाहर कूदते भी देखे गए। इमारत में रहने वाले कुछ लोगों को बेडशीट लपेटकर बाहर भागते देखा गया।  बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार इमारत से जले हुए सामान और राख इत्यादि नीचे गिरती हुए देखी गई। दमकल विभाग के कर्मचारी इमारत में रहने वाले बहुत से लोगों को सुरक्षित निकालने में सफल रहे। लंदन के मेयर सादिक खान ने दुर्घटना के बाद कहा कि टावर की सुरक्षा को लेकर लोगों की जवाबदेही तय की जाएगी। पुलिस के अनुसार इमारत के बहुत बड़े होने के कारण मरने वालों या घायलों की निश्चित संख्या पता चलने में वक्त लग सकता है।


Scroll To Top
Translate »