लखनऊ- प्रदेश के लोकनिर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि कैण्ट विधान सभा के लोगों को सरकार ने बहुत सौगातें दी हैं और अब अपर्णा के यहाँ से चुनाव लड़ने से इस क्षेत्र का सबसे ज्यादा विकास होगा, इसमें कोई दो कोई दो राय नही और यहाँ से अपर्णा की अप्रत्याशित जीत भी सुनिश्चित हैं।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने पूरे प्रदेश का चहुमुखी विकास किया और लखनऊ का तो इतना विकास किया कि आज लखनऊ अंतर्राष्ट्रीय शहर की श्रेणी में दर्ज हो चुका है। उत्तर प्रदेश में हर तरह से विकास हुआ है और भी विकास सरकार को अभी करना है।
कैंट विधानसभा क्षेत्र स्थित ज़ोन 5 के गौतमपल्ली वार्ड में प्रदेश सरकार की विकास यात्रा का मजबूत अध्याय कैण्ट विधान सभा क्षेत्र की प्रत्याशी श्रीमती अपर्णा यादव के अथक प्रयासों से लिखा गया। पिछले पांच महीनों से कैण्ट क्षेत्र की तस्वीर बदलने में जुटी अपर्णा यादव के आग्रह पर शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने 101 सड़कों का उद्घाटन एवं 57 सड़कों का शिलान्यास किया। साथ ही 3 ट्यूबवेल का भी लोकार्पण कर क्षेत्र में विकास की गंगा बहा दी। उन्होंने कहा की इन्ही विकास कार्यों की बदौलत 2017 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार 250 सीट जीतकर बनेगी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अधिकारियों को ख़ूब सुविधाएँ दी जाती है, इसलिए कि वे काम करें फिर भी जो अधिकारी काम करने में लापरवाही बरतेंगे उन्हें दण्डित किया जायेगा। उक्त अवसर पर सैकड़ों की तादाद में लोग समाजवादी पार्टी में शामिल भी हुए।
इस अवसर पर अपर्णा यादव ने सबका अभिवादन करते हुए कहा कि कैण्ट और सपा का रिश्ता उस मां-बेटे की तरह है जो औरों के कहने पर दिल मांग लेते हैं और बदले में माँ अपना जिगर निकाल कर दे देती हैं। उन्होंने कहा कि पिछले पांच महीने में कैण्ट विधान सभा में जितना विकास हुआ है, किसी ने सोचा भी नहीं होगा। इसलिए अबकी बार सपा की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने विरोधियों पर हमला बोलते हुए कहा कि लोग बौखलाहट में अपना आपा खो चुके हैं और अब अपने नाम का पत्थर लगाकर वाहवाही लूट रहें है लेकिन क्षेत्र की जनता सब देख रही है, जिसका करारा जवाब भी जनता चुनाव में देगी। उन्होंने कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव का ह्रदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी वजह से आज कैण्ट की प्रत्येक सड़कें चमक रहीं हैं। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है जिस क्षेत्र को चाचा (श्री शिवपाल सिंह यादव) का थोड़ा सा भी प्यार और स्नेह प्राप्त हो गया, वहां विषम परिस्थियों में भी जीत सुनिश्चित होती है। क्योकि जिस तरह चाचाजी समाजवादी मुस्कराहट बिखेर देते हैं वहां सिर्फ एक ही वाद रह जाता है, वह है समाजवाद। उन्होंने यह भी कहा कि अपर्णा नाम के इस बीज को माननीय नेता मुलायम सिंह यादव ने बोया है और उसको चाचा शिवपाल सिंह यादव सींच रहे हैं। फिर कैण्ट को भाजपा ने चाहे जितना बड़ा रेगिस्तान बना दिया हों और कांग्रेस ने चाहे जितना बड़ा दलदल, चाचाजी की मेहनत और नेता जी का आशीर्वाद अवश्य रंग लाएगी।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) शारदा प्रताप शुक्ला, एमएलसी डाँ अशोक बाजपेई , एमएलसी डाँ मधु गुप्ता, वरिष्ठ समाजवादी नेता रामशंकर यादव, राज्य मंत्री (दर्जा प्राप्त) राजा चतुर्वेदी, अजय त्रिपाठी, श्रीमती सुरेश चौहान, नगर अध्यक्ष फ़ाख़िर सिद्दकी, नगर अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ श्रीमती मुन्नी पाल, स्थानीय पार्षद श्रीमती सुनीता यादव साहित हज़ारों की तादाद में क्षेत्र की जनता इस एतिहासिक पल की गवाह बनी।
https://rashtriyadinmaan.com

