
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि भाजपा के संकल्प पत्र में जन-गण की आकांक्षाओं को स्वर दिया है। हमारी सरकार ने पिछले पांच वर्षों में जनता की मूलभूत जरूरतों को पूरा किया। अब महत्वाकांक्षा पूरी करनी है। योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जारी भाजपा के संकल्प पत्र की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा की प्राथमिकता सशक्त व सुरक्षित भारत है। सीएम ने कहा कि स्वस्थ भारत, शिक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर, महिला सशक्तिकरण की दिशा में तीव्र गति से कार्य करने के साथ ही समावेशी विकास और संवैधानिक ढांचे में विश्वास रखते हुए राम मंदिर के लिए सभी आवश्यक प्रयास सुनिश्चित कर, भाजपा देश को एक वैश्विक स्तर पर ले जाएगी।
सामान्य व्यक्ति के जीवन की मूल आवश्यकताएं पूरी करनी हों या मजबूत और सर्वसमावेशी राष्ट्र के निर्माण के लिए जनभागीदारी, नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 5 वर्षों में सब कुछ संभव हो सका है और इसी संकल्प को लेकर भाजपा आज फिर आप सबके बीच है।
भाजपा का ‘संकल्प-पत्र’ सशक्त भारत की परिकल्पना को साकार करने वाला है, विपक्षी दलों ने भारत की जनता के लिए जिस सपने को देखा तक नहीं है, उसे भाजपा न केवल साकार कर रही है बल्कि उत्तरोत्तर प्रगति के लिए कृत संकल्पित भी है।
सीएम ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस। आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए सुरक्षा बलों का सशक्तिकरण और उन्हें आधुनिक उपकरणों से लैस कर उनकी मारक क्षमता में वृद्धि करना। पूर्वोत्तर राज्यों में अवैध आव्रजन को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाना। यह भाजप की प्राथमिकता।
https://rashtriyadinmaan.com
