बीजेपी का घोषणापत्र, आर्टिकल 370 और 35A हटाने, 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुनी करने का वादा


 

भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए सोमवार को घोषणापत्र जारी किया. बीजेपी ने इसे ‘संकल्प पत्र’ बताया है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ तक यानी साल 2022 तक के लिए 75 संकल्प लिए हैं.  बीजेपी के घोषणापत्र में विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य है.

बीजेपी के घोषणापत्र में कहा गया है कि ‘राष्ट्रवाद के प्रति हमारी पूरी प्रतिबद्धता है. आतंकवाद के प्रति हमारी जीरो टॉलरेंस की नीति है. भारत में होने वाली अवैध घुसपैठ को रोकने के लिए हम पूरी सख्ती करेंगे. सिटिजनशिप अमेंडमेंट बिल को दोनों सदनों से पास कराएंगे और लागू करेंगे. इससे किसी राज्य की सांस्कृतिक और भाषाई संरचना पर कोई आंच नहीं आने देंगे.’

बीजेपी के घोषणापत्र में वादा किया गया है कि क्रेडिट कार्ड के 1 लाख रुपये तक के लोन पर पांच साल तक कोई ब्याज नहीं देना होगा. 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुनी करने का वादा किया गया है. बीजेपी संविधान के दायरे में रहते हुए राम मंदिर निर्माण कराने की पूरी कोशिश करेगी. घोषणापत्र में कहा गया है कि 25 लाख करोड़ रुपये ग्रामीण क्षेत्रों में खर्च होंगे.  बीजेपी ने राष्ट्रीय व्यापार आयोग बनाने का वादा किया है.

बीजेपी ने वादा किया है कि छोटे दुकानदारों को पेंशन देंगे इसके साथ ही 60 वर्ष से अधिक उम्र के किसानों को भी पेंशन देंगे. घोषणापत्र में आर्टिकल 370 और और 35A हटाने का वादा किया गया है. घोषणापत्र में कश्मीरी पंडितों की वापसी, खर्च बचाने के लिए एक देश में एक चुनाव और पांच साल में नक्सलवाद खत्म करने का वादा किया गया है.

बीजेपी ने राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने की स्पीड तेज करने, 2024 तक देश भर में 200 हवाई अड्डे बनाने, इंजीनियरिंग कॉलेजों में सीटें बढ़ाने का वादा किया है. बीजेपी ने जमीन के रिकॉर्ड्स का डिजिटिलाइजेशन करने का वादा किया है. बीजेपी ने कहा कि सभी घरों को बिजली, गैस और पीने का साफ पानी देंगे.

बीजेपी ने वादा किया है कि जीएसटी को और सरल किया जाएगा. हर आदमी को पांच किलोमीटर में बैंक की सुविधा मिलेगी. इसके साथ ही सभी बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा. घोषणा पत्र में कहा गया है कि मुस्लिम महिलाओं के लिए न्याय सुनिश्चित करेंगे.

 


Scroll To Top
Translate »