कोलकता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घोषणा की है कि सरकार नेता जी सुभाष चन्द्र बोस से जुडी 64 फाइलें सार्वजनिक करेगी। ममता ने कहा कि 18 सितंबर को इन फाइलों को सार्वजनिक किया जाएगा। बता दें कि नेता जी से जुडी गोपनीय फाइलों को सार्वजनिक करने की मांग काफी अर्से से की जा रही थी।
ममता ने मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान कहा कि नेताजी से संबंधित जो भी फाइलें हमारे पास हैं, उसे सार्वजनिक करने का निर्णय हमने लिया है। प्रधानमंत्री कार्यालय, केंद्रीय गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय अबतक नेताजी से जुड़ी गोपनीय फाइलें सार्वजनिक करने से रोकते रहे हैं। ये फाइलें नेताजी के गायब होने की कहानी पर नई रोशनी डाल सकती हैं। ममता ने कहा कि लोगों को नेता जी के आखिरी दिनों के बारे में जानने का हक है। हमलोग पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर प्रतिबद्ध हैं। जनता को नेताजी के बारे में जरूर जानना चाहिए।
देश की स्वतंत्रता के लिए आजाद हिंद फौज का नेतृत्व करने वाले सुभाष चंद्र बोस की मौत एक रहस्य बनी हुई है। इस मुद्दे पर फिर राजनीतिक हलकों और बुद्धिजीवियों के बीच तीखी बहस छिड़ हुई है।
ज्ञात हो कि 1945 में 18 अगस्त को वह विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें सुभाषचंद्र बोस सवार बताए जाते थे। हालांकि नेताजी को लेकर कई विरोधाभासी बातें सामने आती रही हैं और उनसे जुड़ी गोपनीय जानकारी को सार्वजनिक करने की मांग उठती रही है। बीजेपी ने 2014 के आम चुनावों में केंद्र में सरकार बनने पर इन फाइलों को सार्वजनिक करने का वादा किया था। हालांकि बाद में बीजेपी ने इस मामले में यूटर्न ले लिया था।
https://rashtriyadinmaan.com
