नई दिल्ली| अकूत संपत्ति के मालिक और करोड़ों के भ्रष्टाचार में संलिप्त नोएडा प्राधिकरण के निलंबित चीफ इंजीनियर यादव सिंह के खिलाफ हो रही सीबीआई जाँच में नित नए खुलासे हो रहे हैं| वहीं अभी यादव सिंह से उत्तर प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी और परिवार से कनेक्शन का खुलासा हुआ है| जिसमें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव के बेटे और फिरोजाबाद से सांसद अक्षय यादव के यादव सिंह से कारोबारी रिश्ते का पता चला है|
सूत्रों के मुताबिक़, वर्ष 2013 में राम गोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव ने यादव सिंह के सहयोगी की एनएम बिल्डवेल कंपनी के 9 हजार 995 शेयर 10 रुपये के भाव खरीदे थे जबकि 5 शेयर अक्षय की पत्नी ऋचा के नाम ट्रांसफर हुए थे| उस समय इस कंपनी के शेयर की कीमत लगभग 2050 रुपये होनी चाहिए थी| यह कंपनी यादव सिंह के सहयोगी राजेश मनोचा की है | बताया जाता है इस डील के समय यादव सिंह भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते निलंबित चल रहा था| इस डील के बाद यूपी सरकार ने यादव सिंह को नोएडा अथॉरिटी में बहाल कर दिया था|
एनएम बिल्डिवेल के मालिक मनोचा के बारे में बताया जाता है कि आयकर विभाग ने पिछले साल नवम्बर में जब यादव सिंह के घर से जो ऑडी कार 10 करोड़ के साथ बरामद किए थे वह भी मनोचा की ही थी | मनोचा मैक्कन इंफ्रा नाम की कंपनी में निदेशक भी है| यादव सिंह केस में मैक्कन कंपनी भी जांच के घेरे में है| 2013 तक यादव सिंह की पत्नी कुसुमलता भी इन कंपनी में निदेशक थी लेकिन फिर इस्तीफा दे दिया था| सीबीआई यादव सिंह द्वारा फर्जी आवेदनों के जरिए मैक्कन को 30 औद्योगिक प्लॉट दिलाए जाने की जाँच भी कर रही है|
यादव सिंह और अक्षय यादव के रिश्ते सामने आने के बाद उन दावों को बल मिला है जिसमें यूपी सरकार और समाजवादी पार्टी के कई बड़े नेताओं के यादव सिंह से सबंध होने की बात कही जाती रही है|
https://rashtriyadinmaan.com
