दिल्ली | दिल्ली सचिवालय में मंगलवार को सीबीआई ने छापा मारा। इसके बाद सियासी बवाल मच गया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस मामले पर सीधा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा, वहीं केंद्र सरकार ने इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई बताया। उधर, सीबीआई ने साफ किया कि छापा सीएम के दफ्तर नहीं, बल्कि सरकार के प्रधान सचिव राजेंद्र कुमार के ऑफिस पर मारा गया।
क्या कहा केजरीवाल ने: दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के प्रधान सचिव राजेन्द्र कुमार के घर और दफ्तर पर सीबीआई की छापेमारी पर केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मेरे प्रधान सचिव पर लगे आरोप झूठे लग रहे हैं। उन्होंने कहा कि दरअसल डीडीसीए मामले में जेटली जी फंस रहे हैं और सीबीआई सचिवालय में जेटली की डीडीसीए की फाइल जांचने आई थी। केजरीवाल ने कहा कि छापेमारी से मुझे बहुत हैरानी हुई क्योंकि शिक्षा विभाग में छापा नहीं मारा गया, और तो और जहां फाइलें रखी गईं है वहां छापे नहीं मारे गए। अरविंद केजरीवाल ने सचिवालय में सीबीआई छापे के बाद सिलसिलेवार ट्वीट किए। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री कार्यालय पर जांच एजेंसी की कार्रवाई बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधान सचिव राजेंद्र के बहाने मेरे दफ्तर की फाइलें देखी जा रही हैं। उन्होंने पीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि वह मेरे साथ राजनीतिक लड़ाई नहीं लड़ पाए, इसलिए सीबीआई से कार्रवाई करा रहे हैं।
गंभीर आरोपों पर कार्रवाई : केंद्र सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने मोर्चा संभाला। उन्होंने कहा कि राजेंद्र कुमार के खिलाफ गंभीर आरोपों के चलते सीबीआई ने बाकायदा सर्च वारंट के साथ कार्रवाई की। केंद्रीय मंत्री ने केजरीवाल से सवाल करते हुए कहा, आपने राजेंद्र को सचिव रखते वक्त जांच-पड़ताल क्यों नहीं की? पद का का दुरुपयोग करना भ्रष्टाचार है या नहीं?
झूठा प्रचार न करें: सीबीआई प्रवक्ता देवप्रीत सिंह ने कहा कि जांच एजेंसी ने दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ लोकसेवक (राजेंद्र कुमार) सहित छह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इन पर आरोप है कि इन्होंने साल 2007-14 के दौरान सरकार के ठेके एक प्राइवेट फर्म को आवंटित करने में अपनी आधिकारिक स्थिति का दुरुपयोग किया। सीएम के कार्यालय की तलाशी से संबंधित खबरें पूरी तरह आधारहीन हैं। जांच को बाधित करने के लिए झूठा प्रचार मत करिए।
क्या है पूरा मामला: आरोप है कि आईएएस अधिकारी राजेंद्र कुमार ने 2007 में दिल्ली सरकार में आईटी सचिव रहते हुए भ्रष्टाचार किया। उन्होंने कई कंपनियां बनाईं और अपने रिश्तेदारों को उनमें निदेशक बना दिया। बाद में बगैर टेंडर इन कंपनियों को काम दिया गया। राजेंद्र ने एंडेवर नाम से बनाई गई एक कंपनी को सरकारी पैनल में भी डलवा दिया। एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी आशीष जोशी ने इसकी शिकायत एसीबी से की थी, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में इसकी जांच सीबीआई ने संभाली।
14 जगह छापे, 10 करोड़ बरामद : सीबीआई ने इस केस के सिलसिले में दिल्ली और यूपी में 14 जगह छापेमारी की। मामले में दूसरे आरोपी टीसीआईएल के जीएम और आईसीएसआईएल के पूर्व एमडी जीके नंदा के घर से 10.5 करोड़ रुपये बरामद हुए हैं।
सहयोग नहीं कर रहे राजेंद्र : राजेंद्र कुमार के घर से 2.40 लाख रुपये और तीन अचल संपत्तियों के दस्तावेज मिले हैं। वहीं, दफ्तर से कुछ दस्तावेज, एक बैग, कुछ पत्र और पेन ड्राइव बरामद की हैं। सूत्रों का कहना है कि राजेंद्र अपना ईमेल दिखाने में सीबीआई का सहयोग नहीं कर रहे।
बयानबाजी से गरमाया माहौल
इस छापेमारी का अरविंद केजरीवाल या उनके कार्यालय से कोई लेना-देना नहीं है। यह पूर्ववर्ती शासन में हुए भ्रष्टाचार के मामले पर कार्रवाई है।-अरुण जेटली, केंद्रीय मंत्री
मुझे नहीं लगता कि छापेमारी 2007 के आरोपों की जांच को लेकर थी। आरोपों से जुड़ी फाइलें कभी नहीं मांगी गईं। मैं इन चीजों से डरने वाला नहीं हूं।-अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री, दिल्ली
सीबीआई ने एक कमरे पर छापा मारा जिसमें मुख्यमंत्री की कुछ फाइलें और हलफनामे रखे हुए थे। हमारे खिलाफ कुछ भी खोज निकालने के लिए हम पीएम को खुली चुनौती देते हैं।-मनीष सिसोदिया, दिल्ली के डिप्टी सीएम
केजरीवाल की आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने के लिए अस्तित्व में आई थी लेकिन अब वो खुद भ्रष्टाचार का साथ दे रहे हैं।-प्रकाश जावड़ेकर, केंद्रीय मंत्री
सीबीआई एक मुख्यमंत्री का दफ्तर कैसी सील कर सकती हैं। मैं हैरान हूं।-ममता बनर्जी, मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल
इन लोगों के खिलाफ छापे
1- राजेंद्र कुमार, प्रधान सचिव, दिल्ली सरकार
2- एके दुग्गल, पूर्व एमडी, इंटेलिजेंट इंडिया कम्युनिकेशन लिमिटेड
3- जीके नंदा, पूर्व एमडी, इंटेलिजेंट इंडिया कम्युनिकेशन लिमिटेड
4- आरएस कौशिक, इंटेलिजेंट इंडिया कम्युनिकेशन लिमिटेड
5- संदीप कुमार, निदेशक, मेसर्स एंडेवर सिस्टम्स प्रा. लि.
6- दिनेश कुमार गुप्ता, निदेशक, मेसर्स एंडेवर सिस्टम्स प्रा. लि.
https://rashtriyadinmaan.com

