शामली: शामली में समाजवादी पार्टी की रैली में चली गोली से हुई बच्चे की मौत के मामले में पुलिस ने 200 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। साथ ही 5 लोगों को नामजद किया गया है, इनके बारे में बताने वाले को 5 हजार रुपए इनाम भी दिए जाएंगे।
शामली के एसपी विजय भूषण ने बताया कि 200 लोगों के खिलाफ आइपीसी की धारा 147, 148, 149, 143 और 188 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस बीच यूपी के सीएम अखिलेश यादव ने मारे गए बच्चे के परिजनों को 5 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है। सीएम के प्रवक्ता ने कहा कि दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा। इस मामले में बीजेपी ने प्रदेश सरकार की निंदा की है। बीजेपी ने अखिलेश सरकार की तुलना मुगल सल्तनत से की है।
मामले में 4 अन्य आरोपियों को वीडियो फुटेज की मदद से गिरफ्तार किया गया है। स्थानीय निकाय चुनाव में जीतने वाली समाजवादी पार्टी उम्मीदवार नफीसा के विजय जुलूस में चली गोली से आठ साल के समी की मौत हो गई थी। समी कैरान इलाके में रिक्शा से अपने घर जा रहा था।
https://rashtriyadinmaan.com

