शिखर धवन के पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक के बाद आर अश्विन की उम्दा गेंदबाजी की मदद से भारत ने श्रीलंका को दूसरे मैच में 69 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-1 से वापसी की।
पहले बल्लेबाजी के लिए भेजी गई भारतीय टीम ने छह विकेट पर 196 रन बनाए। जवाब में पुणे में पहला मैच अप्रत्याशित ढंग से जीतने वाली श्रीलंकाई टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 127 रन ही बना सकी। ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने चार ओवर में सिर्फ 14 रन देकर तीन विकेट लिए।
भारत के लिए धवन ने सिर्फ 25 गेंद में 51 रन बनाए। वहीं रोहित शर्मा ने 36 गेंद में 43 और हार्दिक पांडया ने 12 गेंद में 27 रन बनाए जबकि सुरेश रैना ने 19 गेंद में 30 रन जोड़े। श्रीलंका के लिये तेज गेंदबाज तिसारा परेरा ने 19वें ओवर में हैट्रिक लगाई। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में यह चौथी और किसी श्रीलंकाई खिलाड़ी की पहली हैट्रिक है।
जवाब में श्रीलंका का कोई बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका और उसके विकेट नियमित अंतराल में गिरते रहे। आर अश्विन ने पहली ही गेंद पर तिलकरत्ने दिलशान (0) को आउट करके उसे अच्छी शुरुआत का मौका नहीं दिया। अगले ओवर में सीकुगे परेरा को आशीष नेहरा ने युवराज सिंह के हाथों लपकवाया।
श्रीलंका के लिए कप्तान दिनेश चांदीमल और चमारा कापूगेदारा को छोड़कर कोई बल्लेबाज नहीं टिक सका। चांदीमल ने 30 गेंद में दो चौकों की मदद से 31 रन बनाए जबकि कापूगेदारा ने 27 गेंद में तीन चौकों और एक छक्के के साथ 32 रन जोड़े।
भारत के लिए श्विन के अलावा आशीष नेहरा, जसप्रीत बुमरा और रविंद्र जडेजा ने दो-दो विकेट लिए।
इससे पहले श्रीलंका ने लगातार दूसरे मैच में टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाजी के लिए भेजा लेकिन इस बार भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामक शुरुआत की। पुणे में पहले मैच में तेज गेंदबाजों की मददगार पिच पर भारतीय बल्लेबाज फ्लाप रहे थे लेकिन यहां उन्हें खुलकर खेलने का मौका मिला।
https://rashtriyadinmaan.com

