अखिलेश अब बड़े हो गए हैं: अमर सिंह


images-51

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अंतरकलह में अमर सिंह ने अपना जवाब दिया है। आज ही सुबह प्रेस वार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि बाहरी लोग दखलअंदाजी कर रहे हैं, जिससे लोगों ने माना की उनका इशारा अमर सिंह की ओर हैं। अमर सिंह ने इस पर कहा कि अखिलेश यादव मेरे बेटे समान हैं। उन्होंने कभी भी मेरे खिलाफ कुछ नहीं कहा है और मैं मान नहीं सकता कि उन्होंने ऐसा कुछ मेरे खिलाफ बोला होगा। अखिलेश अब बड़े हो गए हैं। अखिलेश यादव को कल और आज समन्वय स्थापित करना पड़ेगा।

उन्होंने आगे कहा कि मुलायम सिंह कहेंगे तो मैं खुद को दोषी मान लूंगा। उनसे मुलाकात करता रहता हूं। मुलायम सिंह मेरे बड़े भाई की तरह है। मुलायम मुझे प्यार करते हैं लोगों की इससे समस्या है। मैं किसी के मामले में कोई टिप्पड़ी नहीं करुंगा। आपको बता दें कि चाचा-भतीजे के बीच चल रही लड़ाई के बीच आज सुबह सीएम अखिलेश यादव ने अमर सिंह का नाम लिए बगैर उनपर निशाना साधा था। अखिलेश ने पहले कहा, मैंने कुछ फैसले अपने आप लिए हैं। कुछ फैसले नेताजी के कहने पर भी लिए हैं।

उन्होंने साफ किया कि जो झगड़ा दिख रहा है वो सरकार का है, परिवार का नहीं। उसके बाद उन्होंने अमर सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि, कुछ बाहर के लोग इस मामले में दखलंदाजी कर रहे हैं। अगर बाहर के लोग दखल देंगे तो पार्टी कैसे चलेगी? उनसे पहले प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव ने सैफई में कहा है कि हम नेताजी (मुलायम सिंह यादव) से बात करके आगे का फैसला लेंगे। उन्होंने कहा कि नेताजी ने जो जिम्मेदारी दी उसे निभाया है। नेताजी जो निर्णय लेंगे हम उसे मानेंगे। मंत्रियों को हटाना सीएम का अधिकार है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि किसी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।


Scroll To Top
Translate »