
लखनऊः यूपी विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव करीब 150 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर सकते हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और भाई शिवपाल सिंह यादव और सीएम बेटे अखिलेश यादव के बीच प्रत्याशियों के नाम को लेकर चल रही तनातनी के कारण मुलायम सिंह यादव ने ये काम अब अपने हाथ में ले लिया है। ताकि कोई भी किसी तरह का सवाल नहीं खड़ा कर सके।
सीएम अखिलेश यादव ने पहले ही 403 उम्मीदवारों की सूची पार्टी अध्यक्ष और पिता मुलायम सिंह यादव को रविवार 25 दिसम्बर को सौंप दी थी। लेकिन प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते प्रत्याशियों के नाम की घोषणा शिवपाल सिंह यादव ही करते हैं। प्रत्याशियों के नाम को लेकर चाचा शिवपाल सिंह यादव और भतीजे सीएम अखिलेश यादव एक बार फिर चाचा-भतीजा आमने सामने आ गए हैं।
सीएम की ओर से सौंपी गई उम्मीदवारों की लिस्ट में चाचा शिवपाल के करीबीयों के नाम नहीं हैं। भतीजे ने एक बार फिर से चाचा को दरकिनार करते हुए वर्तमान के 35 विधायकों के नाम भी लिस्ट से गायब कर दिए हैं। इस लिस्ट में अंसारी बंधु, अतीक अहमद और अमनमणि त्रिपाठी के भी नाम नहीं हैं।
शिवपाल और अखिलेश के बीच प्रत्याशियों के नाम को लेकर तनातनी होगी ये पहले ही माना जा रहा था क्योंकि दोनों एक दूसरे के खास लोगों को पसंद नहीं करते । इसीलिए प्रत्याशियों के नाम की घोषणा को मुलायम सिंह यादव ने अपने पास रखा है। मुलायम की किसी बात पर न तो सीएम सवाल खड़ा कर सकते हैं और न प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव । मुलायम नहीं चाहते कि चुनाव के वक्त प्रत्याशी को लेकर कोई विवाद खड़ा हो और इसका इसका चुनाव नतीजे पर पड़े ।
https://rashtriyadinmaan.com
