
नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव में बीजेपी ने एक बार फिर बाजी मारी है.तीनों नगर निगमों पर बीजेपी ने तीसरी बार सत्ता हासिल की है. इस बार के निगम चुनाव के परिणामों को देखा जाए तो आम आदमी पार्टी जिसने पहली बार एमसीडी चुनाव लड़ा और दिल्ली में सरकार होने के बावजूद करारी हार का सामना करना पड़ा. यह अलग बात है कि पार्टी ईवीएम पर हार की ठीकरा फोड़ रही है और आंदोलन की राह पर चलने को तैयार है.
मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हई थी. शुरुआती रुझान से ही बीजेपी ने जो बढ़त बनाई वह लगातार बरकरार रही. पूर्वी दिल्ली नगर निगम की 64 सीटों में से 63 के परिणाम आ गए हैं जिसमें से 49 पर बीजेपी ने जीत हासिल की. वहीं आप को 9 सीटों से ही संतोष करना पड़ा है. कांग्रेस को 3 सीटें और बीएसपी को 2 सीटें मिली हैं. अभी तक के परिणाम साफ बता रहे हैं कि पार्टी निगम चुनाव में हैट्रिक मारी है. वहीं दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार को इस चुनाव से करारा झटका लगा है. उधर, कांग्रेस पार्टी भी कुछ बेहतर प्रदर्शन करते हुए दिखाई दे रही थी जो बाद में फिर तीसरे नंबर पर खिसक गई. 35 जगहों पर वोटों की गिनती की जा रही है.
https://rashtriyadinmaan.com
