UP में गुंडाराज, अराजकता उद्योगपति कैसे निवेश के लिये आयेंगे ? : अखिलेश यादव


akhilesh-yadav_650x400_61509010468
 लखनऊ |  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को योगी सरकार पर कानून व्यवस्था और इन्वेस्टर्स समिट को लेकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में डकैती, लूट, बलात्कार की घटनायें रुकने का नाम ही नहीं ले रही हैं. प्रदेश की राजनीति में ही जब असुरक्षा और आतंक का माहौल व्याप्त हो गया है तो फिर पूरे प्रदेश के हालात को आसानी से समझा जा सकता है. लखनऊ में काकोरी के कटौली और बनियाखेड़ा में हुयी डकैती की घटना के बाद एक बार फिर मलिहाबाद के सरांव गांव में 2 डकैती पड़ गई. श्यामू रावत की हत्या इस बात को प्रमाणित करती है कि अपराधी के बेखौफ हैं. उन्हें राज्य सरकार और इसकी पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है.
 पूर्व मुख्यमंत्री  ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले 10 महीने की बीजेपी सरकार में आम जनता दहशत का शिकार हो गई है. लचर शासन व्यवस्था की वजह से पुलिस प्रशासन की उदासीनता जग जाहिर हो गयी है. सूबे के मुखिया न तो पीड़ितों की सुध ले रहे हैं और न ही कानून का राज कायम करने में सफल हो रहे हैं. मुख्यमंत्री सिर्फ इनकाउंटर को समाधान मानते हैं जबकि अपराधी खुलेआम सरकार को चुनौती देते नज़र आ रहे हैं.
 अखिलेश यादव ने राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवालिया निशान उठाते हुए कहा कि प्रदेश में गुंडाराज और अराजकता की वजह से उद्योगपति कैसे प्रदेश में निवेश के लिये आयेंगे? लूट, हत्या, डकैती, बलात्कार अगर रहेगा तो सरकार की जिम्मेदारी क्या है? इसलिए यूपी 100 व्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए. समय रहते भय और अपराध मुक्त प्रदेश का वायदा निभाना चाहिए. बिना कानून का राज स्थापित किये प्रदेश का विकास नहीं हो सकता.

: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर अपराध नियंत्रण में विफल रहने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पुलिस प्रमुख भाजपा कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रहे हैं. अच्छे अधिकारियों को मौका नहीं दिया जा रहा है, जबकि आपराधिक वारदात बढ़ रही हैं.

अखिलेश ने कहा, ‘जब पुलिस प्रमुख भाजपा कार्यकर्ताओं के रूप में कार्य कर रहे हो तो कानून व्यवस्था कैसे सलामत रह सकती है. पुलिस अधिकारी भाजपा नेताओं को खुश करने में लगे हैं. उन्होंने कहा कि जो अधिकारी भाजपा नेताओं के इशारे पर कार्य कर रहे हैं, उन्हें तैनाती दी जा रही है जबकि अच्छे अधिकारियों की अनदेखी की जा रही है. इससे अपराधी सक्रिय हो गए हैं.’ मथुरा, सीतापुर, मेरठ, आजमगढ और राज्य के अन्य जिलों में हुई हाल की वारदात का उल्लेख करते हुए अखिलेश ने आरोप लगाया कि अपराध का ग्राफ लगातार चढ़ रहा है.

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी कहते हैं कि अपराधियों को राज्य से जाना होगा, लेकिन अपराध की जो स्थिति है, वह कुछ और कहानी कह रही है. ऐसा लगता है कि अपराधियों को उत्तर प्रदेश में बने रहने का संदेश है. अखिलेश ने कहा कि सपा के शासन में भाजपा कहती थी कि सपा के लोग थाने चला रहे हैं. अब भाजपा को बताना चाहिए कि थाने कौन चला रहा है और इतनी दयनीय हालत के लिए जिम्मेदार कौन है.


Scroll To Top
Translate »