
नई दिल्ली | कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी तीन दिन के सिंगापुर और मलेशिया दौरे पर हैं। वहां भारतीय समुदाय और कारोबारी नेताओं से मुलाकात के दौरान उन्होंने कहा कि भारत एक खतरनाक दौर से गुजर रहा है, जहां समाज को तोड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि यूपीए सरकार में लोगों से जुड़ना हमारी कश्मीर नीति का हिस्सा था। 2004 में सत्ता मे आने के बाद नौ साल तक हमने कश्मीर के लिए काम किया। उन्होंने कहा कि जब 2014 में कश्मीर वापस गया, तो वहां की हालत देख रोने का मन किया। मैंने वहां देखा कि एक गलत राजनैतिक फैसला किस तरह इतने सालों की नीति को खराब कर सकता है। साथ ही भारत को चीन के साथ शांति और सहयोग का रिश्ता रखना होगा। वे कहते हैं कि भारत चीन के साथ उत्पादन के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा कर सकता है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज सिंगापुर में आजाद हिंद फौज (आईएनए) के स्मारक पर गए और नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि दी। आजाद हिंद फौज के गुमनाम योद्धाओं की याद में बोस ने 1945 में इस स्मारक का उद्घाटन किया था।
कांग्रेस पार्टी ने एक ट्वीट में लिखा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सिंगापुर में ऐतिहासिक आईएनए स्मारक पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि दी।
राहुल गांधी ने ट्वीट किया अगले तीन दिनों में मैं सिंगापुर और मलेशिया में भारतीय समुदाय, कारोबारी नेताओं और इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के सदस्यों से मुलाकात करने के प्रति आशान्वित हूं। सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली शीन लूंग और मलेशियाई प्रधानमंत्री नजीब रज्जाक से भी मेरी मुलाकात होनी है।
पार्टी ने एक अन्य बयान में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी बेलेस्टियर रोड पर स्थित सिंगापुर इंडियन एसोसिएशन पहुंचे। एसोसिएशन क्लबहाउस की आधारशिला पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने रखी थी।
https://rashtriyadinmaan.com
