टीडीपी के दोनों मंत्रियों वाईएस चौधरी और अशोक गजपति राजू ने पीएम मोदी को सौंपे इस्तीफे


NBT-image

 

नई दिल्ली |  टीडीपी को केंद्र सरकार में बनाए रखने की बीजेपी की कोशिशें नाकाम साबित हुई हैं। पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान केंद्र में शामिल टीडीपी के दोनों मंत्रियों वाईएस चौधरी और अशोक गजपति राजू ने अपने इस्तीफे सौंप दिए। इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने गुरुवार दोपहर को आंध्र के सीएम चंद्रबाबू नायडू से बात की थी, जिसके बाद माना जा रहा था कि दोनों दलों के बीच साथ बने रहने पर बात बन सकती है। बता दें कि आंध्र प्रदेश सरकार में शामिल बीजेपी के दो मंत्रियों ने भी इस्तीफे दे दिए हैं।
एक सवाल के जवाब में चौधरी ने कहा कि क्योंकि हम बीजेपी से ताल्लुक नहीं रखते हैं कि इसलिए पीएम के स्तर पर किसी प्रकार के समझौते की बात नहीं हुई। हम आंध्र की जनता के साथ हैं। उन्होंने मांग की कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने राज्यसभा में जो आश्वासन दिया था, उसका पालन होना चाहिए।

यह पूछे जाने पर मुलाकात के दौरान पीएम ने क्या कहा? इस पर चौधरी ने कहा कि पीएम ने हमारे इस्तीफे को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और हमने मंत्रिमंडल में काम करने का मौका देने के लिए उनका शुक्रिया अदा किया। चौधरी ने कहा कि हमारे साथ जैसा बर्ताव हुआ, उसे पूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया नहीं कहा जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिल में जिस बात का जिक्र है उसे लागू करने में देरी की गई और जो बातें नहीं थी उसे लागू कर दिया गया।
अब तक केंद्र में विज्ञान एवं तकनीकी राज्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे चौधरी ने इस्तीफे को दुर्भाग्यपूर्ण अलगाव करार देते हुए कहा कि वह और राजू सांसद के तौर पर आंध्र के लिए काम करते रहेंगे। बुधवार को फाइनैंस मिनिस्टर अरुण जेटली ने कहा था कि आंध्र को विशेष राज्य की तरह से हरसंभव मदद की जा सकती है, लेकिन ऐसा दर्जा नहीं दिया जा सकता। इसके बाद बुधवार की शाम को ही टीडीपी चीफ चंद्रबाबू नायडू ने केंद्र सरकार में शामिल अपने दोनों मंत्रियों के इस्तीफे का ऐलान कर दिया था।


Scroll To Top
Translate »