
अमेठी दौरे के दूसरे दिन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक दर्जन विकास कार्यों का लोकार्पण किया
lucknow | अमेठी के तीन दिवसीय दौरे के दूसरे दिन भी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी और उनकी सरकार पर हमला किया. उन्होंने कहा कि मोदी के 56 इंच के सीने में गरीबों के लिए कोई जगह नहीं है. उन्होंने मोदी को रईसों का रहनुमा बताते हुए कहा कि उनके सीने में महज रईसों के लिए जगह है. अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के दौरे पर पहुंचे राहुल गांधी ने जगेसरपुर में सामुदायिक मिलन केंद्र का लोकार्पण किया. मंगलवार को उन्होंने इसके अलावा करीब एक दर्जन विकास कार्यों का लोकार्पण किया.
एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि मोदी जी अपना सीना 56 इंच का होने का दावा करते हैं. लेकिन, उनके सीने में गरीबों के लिए जरा सी भी जगह नहीं है. उनके सीने में देश के चुनींदा रईसों के लिए बड़ी जगह है. उन्होंने कहा कि देश का किसान और गरीब इस सरकार में पूरी तरह से उपेक्षित कर दिया गया है. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार के साथ ही प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर भी गरीब और किसानों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार पूंजीपतियों की मदद कर रही है. इस सरकार ने रोजगार देने का युवाओं से किया अपना वादा पूरा नहीं किया है. राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी जहां जाते हैं लोगों को जाति और मजहब के नाम पर लड़ाते हैं. इस बार भी वे इसका लाभ लेने की फिराक में हैं. उन्होंने कहा कि लड़ाने वाली विचारधारा के ऐसे लोगों के खिलाफ अब कांग्रेस की लड़ाई है और वे इस बार उसे हराकर रहेंगे.
बता दें कि सोमवार को अमेठी पहुंचे राहुल गांधी के थॉरि कोटवा सड़क के लोकार्पण के कार्यक्रम पर प्रशासन ने रोक लगा दी थी. बीजेपी के जिला अध्यक्ष की शिकायत पर प्रशासन ने यह रोक लगाई थी. अमेठी से सांसद राहुल गांधी ने कहा कि उनके काम का क्रेडिट हर समय कोई और लेना चाहता है. इससे उन पर कोई असर नहीं पड़ता है. अमेठी में सड़कों के निर्माण खुद कराने का दावा करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि इसका क्रेडिट कोई और लेना चाहता है. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने देश के 15 सबसे अमीर लोगों का ढाई लाख करोड़ रुपया माफ कर दिया. राहुल गांधी ने कहा कि अमीरों का कर्ज माफ कर दिया, लेकिन किसान आज भी कर्ज में डूबा है. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के वित्तमंत्री कहते हैं कि पार्लियामेंट में किसान का कर्जा माफ करना उनकी नीति में नहीं है. राहुल गांधी ने नीरव व ललित मोदी को छोटा मोदी और बड़ा मोदी करार दिया. उन्होंने कहा कि नीरव और विजय माल्या हजारों करोड़ का चूना लगाकर भाग गए. तमाम भ्रष्टाचारी भी कई करोड़ लेकर भाग रहे हैं और देश के चौकीदार चुप हैं. उन्होंने कहा कि मोदी इनका जिक्र भी नहीं करते.
राहुल गांधी ने ‘अच्छे दिन’ के जुमले पर कहा कि चार साल बीतने के बाद भी किसानों के अच्छे दिन न आने की बात कही. उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार में किसानों को महज नुकसान ही उठाना पड़ा है. मोदी ने युवाओं से दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था, मगर किसी को यह नहीं मिला. राहुल गांधी ने नोटबंदी का हवाला देते हुए कहा कि पीएम ने लोगों को लाइन में लगाया और पांच व हजार के नोट जमा करा नीरव मोदी की जेब में डाल दिया. उन्होंने कहा कि पीएम संसद में खड़े होने से घबराते हैं, यदि 15 मिनट मिल जाए तो वे उनके सामने खड़े नहीं हो पाएंगे. राहुल गांधी ने राफेल डील मामले में पीएम मोदी पर करारा वार किया. उन्होंने कहा कि राफेल में सीधे चोरी की है. एक उद्योगपति मित्र को 45 हजार करोड़ रुपए दिए. उन्होंने कहा कि एचएएल से छीना, बैंगलोर में रोजगार छीना.
https://rashtriyadinmaan.com
