
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शनिवार को छतरपुर इलाके में इनामी गैंगस्टर राजेश भारती समेत 4 बदमाशों को मुठभेड़ में मार गिराया. भारती पर दिल्ली समेत कई राज्यों में एक दर्जन से अधिक केस दर्ज हैं. वह एक लाख रुपए का इनामी बदमाश था. डीसीपी (स्पेशल सेल) संजीव यादव ने बताया कि इस मुठभेड़ में 6 पुलिसवाले भी घायल हुए हैं. उसे पहले हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार किया था लेकिन वह फरार हो गया था.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक पुलिस को जानकारी मिली थी कि भारती दक्षिण दिल्ली के छतरपुर इलाके में कोई वारदात के इरादे से आया था. उसके साथ उसका पूरा गैंग था. मुखबिर की सूचना पर स्पेशल सेल की कई यूनिटों ने मुठभेड़ के दौरान मोर्चा संभाला.
पुलिस का दावा है कि जब बदमाशों को ललकारा गया तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी. फिर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में भारती समेत 4 बदमाशों को मार गिराया गया. एक बदमाश घायल हुआ है. पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है.
घटना में 6 पुलिसवाले भी घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मुठभेड़ से पहले पुलिस ने इलाके को खाली करा लिया था. किसी और जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है.
https://rashtriyadinmaan.com
