कैबिनेट मंत्री राजभर ने नाराज हो कर विभाग छोड़ा, मनाने पहुंचे डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा


लखनऊ | यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर द्वारा पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग छोड़ने की घोषणा के बाद उन्हें मनाने की कवायदें शुरू हो गई हैं। इसी कोशिश में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा राजभर से मिलने कालिदास मार्ग स्थित उनके आवास पर पहुंचे।

राजभर ने अब से कुछ ही देर पहले पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग योगी सरकार को लौटा दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग में नियुक्तियों को लेकर उन्होंने योगी सरकार को सुझाव दिए थे। जिन्हें पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया। जिस पर उन्होंने विभाग छोड़ने का फैसला लिया।

राजभर ने कहा कि प्रदेश में पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन किया गया। जिसके लिए मैंने कुछ नामों का सुझाव दिया था लेकिन मेरे सुझाव वाले एक भी नाम को नहीं माना गया और आयोग के पदाधिकारियों की घोषणा कर दी गई। जब मेरी कोई बात ही नही सुनी जाएगी तो विभाग अपने पास रखने का कोई मतलब नहीं।

वहीं, गठबंधन में शामिल होने पर उन्होंने कहा कि हमारी हर किसी से बात हो रही है। हम 24 फरवरी तक इंतजार करेंगे और फिर निर्णय लेंगे।


Scroll To Top
Translate »