
लखनऊ | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्तमान सरकार किसानों के हितों को ध्यान में रखकर कार्य कर रही है। किसानों को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से बीज से लेकर बाजार तक पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय को दोगुना करने के लिए आवश्यक है कि किसानों को तकनीक से जोड़ा जाए, जिससे किसान को उत्पादक से उद्यमी बनाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित ‘द मिलियन फार्मर्स स्कूल’ (किसान पाठशाला) के माध्यम से किसानों में जागरूकता बढ़ी है, जिसका परिणाम रहा है कि वर्ष 2018-19 में प्रदेश में 604 लाख मीट्रिक टन का रिकाॅर्ड खाद्यान्न उत्पादन हुआ, जिससे उत्तर प्रदेश को देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। कृषि तकनीकी प्रसार के लिए राज्य सरकार द्वारा चलाये जा रहे अभिनव कार्यक्रम ‘द मिलियन फार्मर्स स्कूल’ (किसान पाठशाला) की सराहना अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर की जा रही है। रबी 2017-18 से अब तक ‘किसान पाठशाला‘ के चार संस्करण आयोजित किये जा चुके हैं। इस दौरान कुल 60 हजार ग्रामों में पाठशालाओं का आयोजन कर 42 लाख से अधिक किसानों को प्रशिक्षित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में मांग के अनुरूप उत्पादन की आवश्यकता है। इससे किसानों को अपनी उपज का लाभकारी मूल्य मिलेगा। इसके लिए कृषि में विविधीकरण की आवश्यकता है। किसानों को पारम्परिक फसलों के अलावा सब्जी, बागवानी, मछली पालन, दुग्ध उत्पादन आदि में भी आगे बढ़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि किसान पाठशाला के माध्यम से यदि प्रत्येक गांव के एक किसान को भी उन्नत खेती से जोड़ा जा सके तो इसके लाभकारी प्रभावों से कालान्तर में पूरे गांव के किसान इससे जुड़ जाएंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्तमान सरकार ने गन्ना किसानों का 76,000 करोड़ रुपये का बकाया भुगतान किया है। उन्होंने कहा कि किसानों को जागरूक करके ही उनकी आय को बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पराली को जलाने से जहां एक ओर भूमि की उर्वरता कम होती है, वहीं दूसरी ओर वायु प्रदूषण भी होता है। उन्होंने कहा कि कृषि में निकले वेस्ट को वेल्थ में बदलने की आवश्यकता है। इसके दृष्टिगत गोरखपुर व सीतापुर में बायोफ्यूल की दो यूनिट स्थापित किये जाने की कार्यवाही चल रही है।
कृषि मंत्री श्री सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि किसानों की आय को दोगुना करने में ‘द् मिलियन फार्मर्स स्कूल’ एक महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से किसानों को उपज का सही मूल्य दिया जा रहा है।
प्रमुख सचिव कृषि श्री अमित मोहन प्रसाद ने कहा कि ‘द् मिलियन फार्मर्स स्कूल’ कार्यक्रम एक माॅडल के रूप में देश और विदेश में पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने कृषि निर्यात नीति बनायी है।
पशुधन, मत्स्य एवं दुग्ध विकास मंत्री श्री लक्ष्मी नारायण चैधरी ने कार्यक्रम में आये हुए लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
https://rashtriyadinmaan.com
