
नई दिल्ली | तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर ने महिला पशु चिकित्सक से बलात्कार और हत्या मामले की शीघ्र सुनवाई के लिए त्वरित अदालत का गठन किये जाने के आदेश दिये। बता दें कि महिला पशु चिकित्सक के साथ आरोपियों द्वारा हैवानियत की हद पार करने का खुलासा हुआ है। पुलिस की रिमांड रिपोर्ट के मुताबिक, चारों आरोपियों ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म के लिए साजिश रची। साथ ही पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपियों ने चुप कराने के लिए उसके मुंह में जबरदस्ती शराब डाल दी।
20 से 26 वर्ष के चारों आरोपियों ने रिमांड रिपोर्ट में बताया कि बुधवार 6.15 बजे जब पीड़िता ने स्कूटी पार्क की तो सभी आरोपी उसे देख रहे थे। इसके बाद पीड़िता टैक्सी से त्वचा विशेषज्ञ से मिलने गई। इस दौरान चारों आरोपियों मोहम्मद आरिफ, जोलू शिवा, जोलू नवीन और चिंताकुंता केशावुलु जो पेशे से ड्राइवर और खलासी हैं ने स्कूटी के एक टायर से हवा निकाल दी। इसके बाद चारों ने पीड़िता पर हमला करने से पहले शराब पी।
जब पीड़िता 9:15 बजे वापस लौटी तो चारों मदद के बहाने उसके पास पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्होंने पीड़िता को फोन पर बात करते हुए देखा। इसके बाद उनमें से तीन पीड़िता को टोल गेट के पास एक झाड़ी में ले गए और उसका फोन बंद कर दिया। इस दौरान जब महिला ने शोर मचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने चुप कराने के लिए उसके मुंह में शराब डाल दी।
https://rashtriyadinmaan.com
