
नोएडा। फ्लैट देने के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले में थ्रीसी डेवलपर्स से जुड़े प्रोजेक्ट के निदेशक समेत 7 लोगों के खिलाफ कोतवाली सेक्टर-20 में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। महिला की शिकायत पर थ्रीसी डेवलपर्स के निदेशक सुरप्रीत सिंह सुरी, निर्मल सिंह, विधुर भारद्वाज, किंटी सूरी, नरेंद्र कौर सूरी, दीपक खुराना व सजीव साकरा के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
कोतवाली सेक्टर-20 के प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि थ्रीसी डेवलपर का किसी दूसरे नाम से सेक्टर-107 के एक प्रॉजेक्ट चल रहा है। मामले में सारिका गुप्ता नामक महिला ने पुलिस से शिकायत की थी। थ्रीसी डेवलपर के प्रोजेक्ट लोटस-300 में फ्लैट के लिए अगस्त 2020 में बातचीत हुई थी। महिला के मुताबिक बिल्डर की ओर से करीब 1.38 करोड़ रुपये कीमत का यह फ्लैट कुछ दिनों में ही देने का वादा किया गया था। इसके बाद सारिका गुप्ता ने 80 लाख रुपये बिल्डर को दे दिए थे।
आरोप है कि पैसे लेने के बाद भी न तो अब तक फ्लैट मिला और न ही बिल्डर पैसा वापस कर रहा है। एसएचओ ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने सातों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।
https://rashtriyadinmaan.com
