
lucknow | उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण से पहले सीतापुर में प्रचार के लिए पहुंचे पीएम मोदी ने बुधवार को समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर हमला किया। उन्होंने अपनी सरकार को संत रविदास के मंत्र पर चलने वाली बताते हुए कहा कि वह गरीब घर हैं और इसलिए गरीबों का दर्द और जरूरत जानते हैं। पीएम मोदी ने गरीबों के लिए किए काम गिनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिन लोगों को अभी मकान नहीं मिला है उनका नंबर आगे आ सकता है। पीएम ने कहा, ”यह मोदी है देकर रहेगा।”
पीएम मोदी ने कहा कि याद रखिए यूपी में भाजपा सरकार होने का मतलब है दंगाराज, माफियाराज, गुंडाराज इनपर बराबर कंट्रोल। यूपी में भाजपा सरकार का मतलब है कि पर्व-त्योहार मनाने की पूरी स्वतंत्रता। यूपी में भाजपा सरकार का मतलब है बेटियों की सुरक्षा। यूपी में भाजपा सरकार का मतलब है कि गरीब के कल्याण के लिए निरंतर काम।
संत रविदास की जन्मस्थली वाराणसी से सांसद होने पर खुद को भाग्यशाली बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार बनारस में रविदास मंदिर परिसर में सौंदर्यीकरण का काम कर रही है। पीएम मोदी ने कहा कि संत रविदास की प्रेरणा से सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र पर चल रही है। ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न, छोट-बड़ो सब सम बसे, रविदास रहे प्रसन्न। संत रविदास का दोहा बता पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने 100 साल की सबसे बड़ी महामारी में गरीबों को मुफ्त राशन दिया।
https://rashtriyadinmaan.com
