
लखनऊ,।गुजरात चुनाव में समाजवादी पार्टी ने भी 5 सीटों पर चुनाव लड़ा था और सभी सीटों पर उसकी हार हुई थी। आज सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुजरात चुनाव और बीजेपी की जीत पर खुलकर बात की। उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने आज लखनऊ में पत्रकारों से बात की। इस दौरान अखिलेश यादव ने यूपी की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला।
अखिलेश यादव ने कहा कि इस सरकार में कानून व्यवस्था इतनी अच्छी है कि कहीं एसडीएम को धमका रहे तो कहीं सीओ सिटी को धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इतना कुछ हो रहा है मगर बीजेपी की सरकार बहुत अच्छी है और वो किसी पर कार्यवाई नहीं करेगी। अखिलेश यादव ने कहा कि हमारे देश में सभी लोग हर तरह के त्यौहार खुशी के साथ मनाते हैं। उन्होंने कहा कि जल्द क्रिसमस आ रहा है जिसे हम और आप सभी मिलकर एक साथ मनाते हैं। किसानों के हालात पर अखिलेश ने कहा कि सीएम योगी ने हिमाचल में जाकर कहा कि हमारे यहाँ आलू का किसान बहुत खुश है। मगर यहाँ पर सैंकड़ों किलो आलू कोल्ड स्टोरेज में रखे हुए ही सड़ गया है। अखिलेश ने आरोप लगाते हुए कहा कि यहाँ पर किसानों को धान की उचित कीमत नहीं मिल रही है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि देश में अन्य जगह हार्दिक पटेल जैसे लोग मिले तो 2019 में बीजेपी का सामना किया जा सकता है। अखिलेश ने कहा कि बीजेपी और वीहिप जैसे संगठन इस कोशिश में रहते हैं कि किस तरह समाज में खाई पैदा की जाये। लखनऊ में पूर्व विधायक के बेटे को गोली मारे जाने के सवाल पर अखिलेश यादव ने राज्य सरकार को घेरा। अखिलेश ने कहा कि लखनऊ जैसी जगह पर लोग सुरक्षित नहीं तो बाकी शहरों के बारे में क्या कहा जाये।
https://rashtriyadinmaan.com
