
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में जीत के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि यह जीत दलित भाइयों के सहयोग से मिली है. उन्होंने जीत के लिए बसपा सुप्रीमो मायावती का खास धन्यवाद दिया, जिनकी पार्टी ने इस चुनाव के लिए सपा के साथ गठबंधन किया था. उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी और राज्य की योगी आदित्यनाथ की सरकार के फैसलों पर भी कड़ा प्रहार किया. अखिलेश ने कहा कि दोनों सरकारों ने राज्य के लोगों से वादाखिलाफी की, जिसका नतीजा आज चुनावी नतीजों में उनकी हार के रूप में सामने आया है. योगी सरकार ने किसानों से कर्जमाफी का वादा किया जो पूरा नहीं हुआ. राज्य में संविधान के प्रावधानों के उल्लंघन का आरोप भी उन्होंने लगाया.

चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा नेताओं के बयानों की चर्चा करते हुए अखिलेश ने कहा कि उनके और मायावती के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया, उन्हें कीड़े-मकोड़े तक कहा गया. समाजवादी नेताओं की तुलना अलाउद्दीन खिलजी से की गई. अखिलेश ने राजग सरकार को नसीहत देते हुए कहा कि उसे विनाश को छोड़ विकास के रास्ते पर लौटना होगा, इसी में सबका भला है. अखिलेश ने कहा कि जो सरकार जनता को दुख देती है, जनता उसको सही जवाब देती है. अच्छे दिन तो नहीं आए, लेकिन जनता एक हो गई और बीजेपी के बुरे दिन लाने का काम किया.
हालांकि, अखिलेश ने 2019 के लोकसभा चुनावों के लिए बसपा के साथ गठबंधन के सवाल पर कुछ भी स्पष्ट कहने से इंकार कर दिया. अखिलेश ने कहा कि 2019 अभी काफी दूर है और फिलहाल वक्त जीत का जश्न मनाने का है.
https://rashtriyadinmaan.com
