आशियाना के महाराजा बिजली पासी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हुआ वार्षिक क्रीड़ा समारोह


खेल प्रतियोगिता में खुशबू और अमित रहे अव्वल

लखनऊ। महाराजा बिजली पासी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय-आशियाना परिसर, में शुक्रवार 15 मार्च को वार्षिक क्रीड़ा समारोह आयोजित किया गया। इसका उद्घाटन महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. सुमन गुप्ता ने किया।

क्रीड़ा प्रभारी डॉ. गुंजन शाही ने पुष्प गुच्छ देकर प्राचार्य का स्वागत किया। छात्र छात्राओं ने क्रीड़ा परम्परा का निर्वहन मार्च पास्ट करके किया। पूर्व चैम्पियन ने मशाल दौड़ लगाकर वार्षिकोत्सव का आगाज किया। स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष अतुल विश्वकर्मा द्वारा स्पोर्ट्स के प्रतिभागियों को शपथ ग्रहण कराया गया। क्रीड़ा प्रभारी डॉ. गुंन्जन शाही द्वारा वार्षिक क्रीड़ा गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। तत्पश्चात महाविद्यालय की प्राचार्य ने वर्ष पर्यन्त हुई क्रीड़ा गतिविधियों के चित्र संकलन खेल चित्र पत्रिका ऊर्जा का विमोचन किया। प्राचार्य प्रो. सुमन गुप्ता ने वार्षिक क्रीड़ा महोत्सव की उदघोषणा की।

प्राचार्य प्रो. सुमन गुप्ता ने बताया कि स्वस्थ खेल भावना से ही क्रीड़ा महोत्सव की उद्देश्यों को प्राप्त किया जा सकता है। खेल आज शिक्षा का महत्वपूर्ण अंग है क्योंकि खेल से ही स्वस्थ शरीर और स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता हैं।

शारीरिक शिक्षा विभाग के छात्र-छात्राओं द्वारा बनाए मॉडल की प्रदर्शनी का अनावरण प्राचार्य द्वारा किया गया। प्राध्यापकों ने मॉडल की प्रशंसा की। इस अवसर पर क्रीड़ा प्रभारी ने प्राचार्य प्रो. सुमन गुप्ता को स्मृति चिन्ह भी भेंट किया।

वार्षिक क्रीड़ा समारोह के अंतर्गत हुई चक्र प्रक्षेपण प्रतियोगिता छात्रा वर्ग में खुशबू रावत बी.ए. तृतीय वर्ष ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस क्रम में विनीता देवी बी.ए. द्वितीय वर्ष ने द्वितीय स्थान और लक्ष्मी रावत बी.ए. तृतीय वर्ष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

चक्र प्रक्षेपण छात्र वर्ग में अमित बी.ए. तृतीय वर्ष ने प्रथम स्थान हासिल किया। इस क्रम में सौरभ शर्मा बी.ए. द्वितीय वर्ष ने द्वितीय स्थान और शिवांक विश्वकर्मा बी.ए. द्वितीय वर्ष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अन्त में क्रीड़ा समिति के वरिष्ठ सदस्य डॉ. अजीत कुमार यादव ने मुख्य अतिथि और समस्त प्राध्यापकों का धन्यवाद ज्ञापन किया।


Scroll To Top
Translate »