
लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण में शुक्रवार को भारत रत्न बाबा साहब डाॅ0 भीमराव अम्बेडकर जी का 132वां जयंती समारोह बड़े धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी व सचिव पवन कुमार गंगवार ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण करके श्रद्धासुमन अर्पित किये।
इस दौरान उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने कार्यक्रम में उपस्थित समस्त अधिकारी व कर्मचारी गण को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बाबा साहब आधुनिक भारत के निर्माता हैं और हमें उनके विचारों को आत्मसात करते हुए जीवन का निर्वाह्न करना चाहिए। उपाध्यक्ष ने आगे कहा कि प्राधिकरण में आने वाला प्रत्येक नागरिक हमारे लिए सम्मानित है और आज का समारोह तभी सफल होगा जब हम लोगों की भावनाओं का आदर करें। हमें प्रयास करना होगा कि प्राधिकरण में आने वाले किसी भी आवंटी अथवा आगंतुक को अपने कार्यों के लिए कठिनाई का सामना न करना पड़े और उनके कार्य नियमानुसार समयबद्ध तरीके से निस्तारित कराये जाएं।
उपाध्यक्ष ने कहा कि आगे से यह समारोह और अधिक भव्यता के साथ मनाया जाए और इसमें बाबा साहब के जीवन पर आधारित प्रदर्शिनी भी लगायी जाए ताकि प्राधिकरण परिवार के अलावा शहर के अन्य लोग भी उनके विचारों व जीवन यात्रा के दर्शन करके प्रेरणा ले सकें। इस मौके पर कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों द्वारा उपाध्यक्ष व सचिव को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। तत्पश्चात उपाध्यक्ष व सचिव ने कर्मचारियों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्जवल जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में उपाध्यक्ष व सचिव समेत सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने कर्मचारियों के साथ मिलकर भोजन किया तथा इसके बाद प्राधिकरण भवन से लेकर डाॅ0 भीभराव अम्बेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल तक शोभा यात्रा निकाली गयी।
https://rashtriyadinmaan.com
