
लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध निर्माण/प्लाटिंग के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में सोमवार को प्रवर्तन जोन-1 की टीम ने किसान पथ के पास 5 बीघा जमीन पर की जा रही अवैध प्लाटिंग के ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की। इसके अतिरिक्त गोमती नगर में आवासीय भू-उपयोग के विरूद्ध किये जा रहे दो व्यवसायिक निर्माणों को सील किया गया।
प्रवर्तन जोन-1 की जोनल अधिकारी प्रिया सिंह ने बताया कि किसान पथ स्थित ग्राम-दुबारा में सचिव, क्वेडा रेजीडेंसी द्वारा लगभग 05 बीघा जमीन पर अवैध रूप से विकास कार्य कराते हुए प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। जिसके विरूद्ध विहित न्यायालय में वाद योजित किया गया था। उक्त प्रकरण में विपक्षी द्वारा कोई स्वीकृत मानचित्र/तलपट मानचित्र प्रस्तुत नहीं किया गया तथा स्थल पर चोरी-छिपे विकास कार्य कराते हुए प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। इस पर विहित न्यायालय द्वारा ध्वस्तीकरण आदेश पारित किये गये थे।
उक्त आदेश के अनुपालन में आज सहायक अभियंता अवधेश सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता इम्तियाज अहमद, सुभाष शर्मा व सुरेन्द्र द्विवेदी द्वारा पुलिस बल के सहयोग से स्थल पर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही करायी गयी।
दो अवैध निर्माण सील किये गये
जोनल अधिकारी ने बताया कि अशोक कुमार व अन्य द्वारा गोमती नगर के विपुल खण्ड में भूखण्ड संख्या-6/4 पर लगभग 300 वर्गमीटर क्षेत्रफल में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत व्यवसायिक उपयोग हेतु निर्माण कराया जा रहा था। इसके अलावा सुभाष यादव व अन्य द्वारा गोमती नगर के विकास खण्ड में भूखण्ड संख्या-5/601 पर लगभग 300 वर्गमीटर क्षेत्रफल में समस्त सेटबैक को आच्छादित करते हुए बेसमेंट व भूतल आदि का निर्माण कराया जा रहा था। उक्त प्रकरण में विहित न्यायालय द्वारा जारी आदेशों के अनुपालन में आज प्रवर्तन टीम द्वारा दोनों स्थल पर सीलिंग की कार्यवाही करायी गयी।
https://rashtriyadinmaan.com
