मोदी के दून आने से पहले हाईअलर्ट


भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की पटना रैली में हुए बम धमाकों को देखते हुए उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भी हाई अलर्ट कर दिया गया है।

दिसंबर में मोदी की दून यात्रा
देहरादून की सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है। मोदी के दिसंबर में यहां प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर खुफिया विभाग को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

विस्फोटों की सूचना मिलते ही रविवार को पुलिस ने जिले भर में चेकिंग अभियान शुरू किया। बम डिस्पोजल स्कवॉयड, डॉग स्कवॉयड और दंगा नियंत्रण वाहनों के साथ रविवार रात रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी, बस अड्डों और भीडभाड़ वाले बाजारों में तलाशी अभियान चलाया गया।

पुलिस को सूचना देने की अपील
पुलिस ने रेलवे स्टेशन और आईएसबीटी पर माइक से यात्रियों को अपने आसपास, सीटों के नीचे व अन्य जगहों पर लावारिस चीजों, संदिग्ध लोगों के बारे में पुलिस को सूचना देने की अपील की। एसएसपी केवल खुराना ने खुद भी कई स्थानों पर जाकर सुरक्षा का जायजा लिया। होटल, धर्मशाला और गेस्ट हाउसों में आने-जाने वालों पर नजर रखी जा रही है।

पुलिस ने संचालकों को निर्देश दिए कि बिना सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को होटल में नहीं ठहरने दें। संदेह होने पर पुलिस कंट्रोल रूम 100 नंबर या संबंधित क्षेत्र के थाना-चौकी की पुलिस को सूचना दें। जनता से भी संदिग्ध गतिविधियों के बारे में पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।


Scroll To Top
Translate »