बवाना उपचुनाव में आप की बड़ी जीत


arvind-kejriwal-1

 

दिल्ली |   दिल्ली की बवाना विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत हुई है. बवाना सुरक्षित सीट से आप उम्मीदवार रामचंद्र ने बीजेपी उम्मीदवार वेदप्रकाश को 24 हजार से ज्यादा वोटों से हरा दिया. इस सीट पर कांग्रेस के सुरेंद्र कुमार तीसरे नंबर पर रहे.

बवाना में उपचुनाव आप के विधायक वेदप्रकाश के इस्तीफे के कारण कराना पड़ा था. आप विधायक वेदप्रकाश ने एमसीडी चुनाव के वक्त आप से इस्तीफा देकर बीजेपी का दामन थाम लिया था. आप छोड़ते वक्त वेदप्रकाश ने केजरीवाल पर खूब निशाना भी साधा था.

जब उपचुनाव हुए तो बीजेपी ने आप के ही पूर्व विधायक वेदप्रकाश को ही टिकट थमा दिया. लेकिन, बीजेपी का यह दांव उल्टा पड़ गया और इतनी बड़ी हार हो गई.

 

विधानसभा चुनाव 2015 में बुरी तरह से पीटने के बाद बीजेपी ने अपनी रणनीति बदलकर काम करना शुरू कर दिया था. पार्टी उसी वक्त से दिल्ली नगर निगम यानी एमसीडी के चुनाव की तैयारी में लग गई थी.

बीजेपी आलाकमान अरविंद केजरीवाल के हाथों मिली हार को पचा नहीं पा रहा था. उस वक्त आलाकमान को लगा कि अगर एमसीडी भी हाथ से निकल गई तो फिर दिल्ली पूरी तरह से बीजेपी के हाथ से फिसल जाएगी.

रणनीति बनी और उसी रणनीति के तहत पूर्वांचल के लोगों को लुभाने के लिए भोजपुरी गायक और कलाकार, दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी को दिल्ली बीजेपी का अध्यक्ष बनाया गया. इसके अलावा पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के इशारे पर एक ही झटके में पुराने सभी पार्षदों का टिकट काटकर नए उम्मीदवारों को चुनावी समर में उतार दिया.

बीजेपी का दांव चल गया और सफल रणनीति के तहत पार्टी ने एमसीडी चुनाव में आप और कांग्रेस दोनों को धूल चटा दी.


Scroll To Top
Translate »