भाजपा और बसपा के पास जनता को बताने के लिए कोई काम नहीं है- अखिलेश यादव


unnamed

 

लखनऊ|

मुख्यमंत्री  अखिलेश यादव ने आज महाराजगंज एवं कुशीनगर में कई चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में फिर समाजवादी सरकार बनने जा रही है। भाजपा और बसपा के पास जनता को बताने के लिए कोई काम नहीं है। समाजवादी सरकार में विकास कार्य हुए है। भाजपा सरकार की नोटबंदी से आर्थिक व्यवस्था चरमरा गई है। प्रधानमंत्री की मन की बातें समझ से बाहर है। बहुजन समाज पार्टी और भाजपा एक दूसरे से मिलकर चल रही हैं और कब बुआ जी भाजपा के साथ रक्षाबंधन मनाने लगे कहा नहीं जा सकता।

श्री अखिलेश यादव ने कहा कि मोदी ने जनता को दुःख दिया है। महीनों लोग ईमानदारी से कमाये गये पैसे के लिए लाइन में लगे रहे। लोकतंत्र में जो सरकारें जनता को दुःख देती है मौका पाते ही जनता उन्हें सजा देने का काम करती है।

श्री यादव ने कहा कि मोदी  ने लोकसभा चुनाव के समय जो वादे किए थे एक भी नहीं पूरे किए। जनता को धोखा दिया है। सपा सरकार ने पांच लाख से ज्यादा नौजवानों को सरकारी नौकरियां दी। षिक्षा मित्रों को समायोजित किया। अगले पांच साल किसानों और युवाओं के रोजगार के लिए काम करेंगे। गरीबों ओर किसानों के लिए मुफ्त इलाज की व्यवस्था करेंगे। हर गरीब परिवार को समाजवादी पेंशन योजना से जोड़ेंगे। सरकारी बसों में महिलाओं का किराया आधा करेंगे।

श्री यादव ने कहा कि हमारी सरकार ने नोटबंदी के दौरान लाइन में हुई मौतों पर परिजनों की मदद की। शादियों के लिए मदद की। गंभीर बीमारियों में मरीजों की मदद की। छात्रों को  लैपटाप दिए। मजदूरों को साइकिलें दी। समाजवादी पेंशन से गरीब महिलाओं की मदद की। एम्बुलेंस की व्यवस्था की। पुलिस व्यवस्था को मजबूत किया। डायल 100 सेवा शुरू की। बताइयें प्रधानमंत्री मोदी जी ने तीन साल में क्या किया। क्या किसी के खाते में 15 लाख रूपया आया? क्या विदेष से कालाधन आया ?

श्री यादव ने कहा कि मोदी  प्रधानमंत्री पद पर हैं। हमसे झगड़ा करना चाहते हैं। कहते हैं कि यूपी सरकार ने रमजान में ज्यादा बिजली दी। प्रधानमंत्री को जानकारी ही नही है कि हमने रमजान, दीपावली और क्रिसमस सब त्योहारों पर ज्यादा बिजली दी है। लिखित में सब आंकड़े हैं। हम शहरों को 22 से 24 घंटे बिजली दे रहे है। उनके लोकसभा क्षेत्र काशी को भी 24 घंटे बिजली दे रहे है। अगर ऐसा नही तो गंगा की कसम खा करके मोदी  बतायें।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की असलियत जनता के सामने आ चुकी है। 2019 में मोदी  प्रधानमंत्री नहीं बन सकेंगे। विधानसभा चुनाव के लिए अब तक चार चरणों के मतदान हो चुके हैं और चारों ही चरणों में समाजवादी पार्टी-कांग्रेस गठबंधन दूसरे दलों के मुकाबले में बहुत आगे हैं। पांचवें चरण के मतदान में भी हम सबसे आगे रहेंगे। प्रधानमंत्री जी ने रेडियों और टीवी पर मन की बात बहुत कर ली। अब उन्हें देश ओर जनता के लिए कुछ काम करना चाहिए।

प्रधानमंत्री और भाजपा के नेता उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर सवाल उठाते रहते हैं जबकि सच्चाई यह है कि भाजपा शासित राज्यों में कानून-व्यवस्था सबसे खराब है। श्री अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश का यूपी 100 डायल देश में सबसे अच्छा पुलिसिंग सिस्टम है। इस चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन की भारी जीत होगी क्योंकि प्रदेश की जनता हमारे काम-काज से खुश है और पूरी तरह हमारे साथ है।


Scroll To Top
Translate »