बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बराला को नहीं दी जा सकती बेटे के अपराध की सजा—सीएम खट्टर


 

Vikas-Barala-620x400

चंडीगढ़ |    भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे को आईएएस अधिकारी की बेटी का पीछा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। विपक्षी पार्टी कांग्रेस इस मामले में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बराला के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इस मामले में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर अब बीजेपी नेता के बचाव में उतरे हैं। खट्टर ने कहा कि बेटे के अपराध की सजा बीजेपी नेता बराला को देना ठीक नहीं है। खट्टर ने कहा, “मुझे इस घटना के बारे में जानकारी मिली है। चंडीगढ़ पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर ली है और मेरा विश्वास है कि पुलिस उचित कार्रवाई करेगी। यह मामला सुभाष बराला से जुड़ा हुआ नहीं है बल्कि हर इंसान से जुड़ा हुआ है। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

बीजेपी नेता सुभाष बराला के बेटे विकास बराला को लड़की का पीछा करने और परेशान करने के आरोप में शनिवार सुबह चंडीगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बताया कि लड़की का पीछा करने के दौरान दोनों आरोपी शराब के नशे में थे। हालांकि दोनों आरोपियों को जमानत मिल गई है। लड़की की शिकायत के आधारा पर चंडीगढ़ पुलिस ने विकास और उसके दोस्त के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 D (गलत इरादे से पीछा करना) और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत शिकायत दर्ज की है। यह दोनों धाराएं जमानती हैं, जिसके चलते दोनों आरोपियों को उसी दिन जमानत दे दी गई।
पीड़िता द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद मामला सामने आने पर कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस ने इस मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस नेता अशोक तंवर ने कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। अब, कानून को अपना काम करना चाहिए। पुलिस और सरकार को इस पर जरुर एक्शन लेना चाहिए। वहीं, पीड़ित लड़की ने फेसबुक पर अपनी आपबीती बताई। लड़की ने लिखा- “मुझे लगता है कि मैं लकी हूं कि किसी आम आदमी की बेटी नहीं हूं। क्योंकि वो लोग किसी वीआईपी का मुकाबला कैसे कर पाते। मैं लकी हूं कि मेरा रेप या मर्डर नहीं हुआ।”


Scroll To Top
Translate »