
पुलिस इससे पहले गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष अर्जुन मोढवाडिया और अन्य की शिकायत दर्ज करने से शुक्रवार को रातभर इनकार करती रही। जिला पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक के बाद ही एफआईआर दर्ज की गई। राहुल की कार पर हुए पथराव के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देशभर में विरोध प्रदर्शन किया।
राहुल गांधी ने अपनी कार पर हमले के लिए सीधे-सीधे बीजेपी को जिम्मेदार बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला किया। शनिवार को उन्होंने कहा, ‘कल की घटना में बीजेपी के एक कार्यकर्ता ने मेरी ओर इतना बड़ा पत्थर फेंका, जो मेरे गार्ड को जाकर लग गया। मोदी जी और बीजेपी-आरएसएस का राजनीति का यही तरीका है, क्या कह सकते हैं?’ मामले पर पीएम मोदी की ओर से प्रतिक्रिया न देने पर राहुल ने कहा, ‘जिसने यह काम किया है, वह खुद ही इसकी निंदा कैसे कर सकता है?’ बता दें कि इससे पहले भी कांग्रेस उपाध्यक्ष ने पथराव की घटना को लेकर कई ट्वीट किए थे। उन्होंने लिखा था, ‘नरेंद्र मोदी जी के नारों से, काले झंडों और पत्थरों से हम पीछे हटने वाले नहीं हैं, हम अपनी पूरी ताकत लोगों की मदद करने में लगाएंगे।’
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को बाढ़ प्रभावित गुजरात में शुक्रवार को विरोध-प्रदर्शनों का सामना करना पड़ा था। आरोप है कि बीजेपी समर्थकों ने उनकी कार पर पत्थर फेंका और उन्हें काले झंडे दिखाए। भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने ‘मोदी-मोदी’ के नारे भी लगाए। इसके चलते राहुल को एक सभा में अपना संबोधन बीच में खत्म करना पड़ा और वह वहां से चले गए। पुलिस ने बताया कि राहुल गांधी की कार के पीछे का शीशा टूट गया। यह तब हुआ जब वह बाढ़ प्रभावित बनासकांठा जिले के धानेरा स्थित लाल चौक से धानेरा के हेलिपैड जा रहे थे। अच्छी बात यह रही कि राहुल को इसमें चोट नहीं लगी हालांकि उनके एक सुरक्षाकर्मी को मामूली चोट लगी थी। घटना के तुरंत बाद कांग्रेस ने इसे ‘बीजेपी के गुंडों’ की करतूत बताया था।
https://rashtriyadinmaan.com
