
नई दिल्ली: बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्रियों – जेपी नड्डा और धर्मेंद्र प्रधान को पार्टी का प्रभारी नियुक्त किया. साथ ही उन्होंने केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को मणिपुर विधानसभा चुनाव के लिए प्रभारी नियुक्त किया.
उत्तराखंड में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं और हरीश रावत सरकार को हटाने की बीजेपी की कोशिश के विफल होने के बाद इस चुनाव का महत्व और भी बढ़ गया है. कई बागी कांग्रेस विधायकों के बीजेपी में चले जाने से राज्य में उसकी स्थिति मजबूत हुई है, लेकिन मुख्यमंत्री हरीश रावत को विश्वास है कि बीजेपी को सत्ता से अलग रखने में सफल रहने के कारण उन्हें सहानुभूति के वोट मिल सकते हैं.
रावत सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए बीजेपी व्यापक पैमाने पर अभियान चला रही है. मणिपुर में भी वर्ष 2017 में चुनाव होना है और बीजेपी वहां 15 वर्ष से सत्ता पर काबिज कांग्रेस को कड़ी टक्कर देने का प्रयास कर रही है.
https://rashtriyadinmaan.com
