बीजेपी का दावा, राहुल ने किया वंदे मातरम का अपमान, कहा- एक लाइन में करिए खत्म


rahul

बेंगलुरु| बीजेपी ने कर्नाटक में एक रैली के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का अपमान करने का आरोप लगाया है। बीजेपी आईटी सेल के चीफ मालवीय ने टीवी 9 का एक विडियो ट्वीट कर लिखा है, ‘वेल डन राहुल गांधी।’ इस विडियो में कर्नाटक के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के.सी वेणुगोपाल उनसे वंदे मातरम के लिए खड़े होने के लिए कहते हैं, इस पर राहुल गांधी कहते हैं कि प्लीज इसे जल्दी कराइए। इसके बाद वेणुगोपाल ने वंदे मातरम गाने वाले व्यक्ति के पास जाकर कहा कि सिर्फ एक लाइन ही गाइए। हालांकि कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा कि बीजेपी फेक विडियो फैला रही है।

अमित मालवीय ने अपने ट्वीट में लिखा कि राहुल गांधी ने दक्षिण कन्नड़ में कांग्रेस की एक रैली के दौरान वंदे मातरम को जल्दी खत्म करने को कहा। राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने ट्वीट कर कहा, ‘कर्नाटक में एक पब्लिक रैली के दौरान राहुल गांधी ने वंदे मातरम को एक लाइन में समाप्त करने के लिए कहा। इसीलिए हम उन्हें शहजादा कहते हैं। अधिकार का उनका भाव डराने वाला है, वह इस देश को परिवार की संपदा समझते हैं। क्या वह अपनी इच्छा से राष्ट्रगीत को भी संशोधित कर सकते हैं?’

बीजेपी के आरोपों पर जवाब देते हुए कांग्रेस नेता बृजेश कलप्पा ने कहा कि कार्यक्रम में एक बार वंदे मातरम हो चुका था। ऐसे में दूसरी बार वंदे मातरम होने की बात पर राहुल गांधी ने उसे एक लाइन में ही समाप्त करने को कहा। इसमें विवाद की कोई वजह नहीं है।


Scroll To Top
Translate »