नई दिल्ली. दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय को जल्द ही नया पता मिलने वाला है. अब से कुछ दिनों बाद बीजेपी मुख्यालय 11 अशोक रोड की जगह दीन दयाल उपाध्याय मार्ग हो जाएगा. आज सुबह बीजेपी के नए दफ्तर की नींव रख दी गई है. खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों बीजेपी के नए मुख्यालय की नींव रखी गई. इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी का ये मुख्यालय राष्ट्रहित को समर्पित होगा.
पीएम नरेंद्र मोदी ने पहली शिला रखकर मुख्यालय का शिलान्यास किया. इस मौके पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ ही बीजेपी के कई दिग्गज शामिल हुए. शिलान्यास के मौके पर लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे.
इस मौके पर मोदी ने कहा कि, ‘हम लोग भीड़ में नहीं संगठन के लिए काम करने वाले लोग हैं. कोई भी लोकलुभावनी बात कर दो तो भीड़ मिल ही जाती है. लेकिन हर कठिनाई में टिकने की ताकत कंधे से कंधा मिलाकर काम करने से मिलती है.’ इस नए मुख्यालय की साल 2018 तक बनने की संभावना है. मुख्यालय में 5 हजार लोगों की भीड़ वाले कार्यक्रम को आराम से अंजाम देने की भी सुविधा होगी. इसके अलावा मुख्यालय में 200 कारों की क्षमता वाली भूमिगत पार्किंग भी होगी.
इसके अलावा इमारत पूरी तरह से ईको फ्रेंडली होगी. करीब दो एकड़ में बनने वाले इस मुख्यालय में तीन ब्लॉक होंगे और इसकी मुख्य इमारत सात मंजिला होगी. इस मुख्यालय में एक भव्य पुस्तकालय भी होगा, जिसमें पार्टी के इतिहास व विचारधारा से जुड़ी पुस्तकों के अलावा कई अन्य विषयों से जुड़ी पुस्तकें भी मौजूद रहेंगी.
https://rashtriyadinmaan.com

