नई दिल्ली| नेताजी सुभाष चंद्र बोस के 35 परिजनों ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की और इस मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री ने ट्वीट करके ऐलान किया कि सुभाष बाबू से जुड़ी फाइलें सामने लाने की प्रकिया उनके जन्मदिन 23 जनवरी से शुरू कर दी जाएगी. फाइलें सार्वजनिक करने की मांग
नेताजी के परिजनों ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मांग दोहराते हुए प्रधानमंत्री से कहा था कि नेताजी से संबंधित सभी फाइलों को सार्वजनिक किया जाए.
शॉल, पेंटिग और जैकेट की भेंट
नेताजी के रिश्तेदार बस में बैठकर 7 रेस कोर्स पहुंचे और उन्होंने प्रधानमंत्री को शॉल, पेंटिग और बोस की तस्वीरों वाली जैकेट भेंट की. गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले महीने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कहा था कि वह अक्टूबर में अपने आवास पर नेताजी के परिवार के 50 से अधिक सदस्यों की अगवानी करेंगे. उन्होंने कहा था, ‘विभिन्न देशों से सुभाष बाबू के परिवार के 50 से अधिक सदस्य आएंगे. मैं उनका स्वागत करने में खुशी महसूस करूंगा.’
इसे अपने लिए यादगार अवसर बताते हुए मोदी ने कहा था कि यह संभवत: पहली बार होगा जब नेताजी के परिवार के सदस्य एक साथ प्रधानमंत्री आवास आएंगे. उन्होंने कहा था, ‘मेरे लिए सबसे बड़ी खुशी यह है कि इससे पहले प्रधानमंत्री कार्यालय में किसी को भी ऐसा मौका नहीं मिला होगा, जैसा कि मुझे मिलने जा रहा है.’
परिवार के साथ नहीं थी नेताजी की बेटी
दूसरी ओर, नेताजी की पुत्री अनिता बोस फाफ प्रधानमंत्री के साथ परिवार की मुलाकात के दौरान मौजूद नहीं थीं. अनिता ने बर्लिन से बताया था, ‘मैं 14 अक्टूबर को प्रधानमंत्री के साथ होने वाली मेरे परिवार की मुलाकात के लिए आने के बारे में नहीं सोच रही हूं.’ उन्होंने कहा कि उन्होंने सर्दियों में अपनी प्रस्तावित भारत यात्रा के दौरान मोदी के साथ मुलाकात का अनुरोध किया था.
https://rashtriyadinmaan.com
