उमा भारती ने बुन्देलखण्ड राज्य का समर्थन करते हुए कहा कि भाजपा हमेशा छोटे राज्यों की पक्षधर रही है


unnamed
परिवर्तन यात्रा का दूसरा दिन, ललितपुर में जन उद्घोष अबकी बार 300 पार
लखनऊ | भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा झांसी से प्रारम्भ होकर दूसरे दिन ललितपुर पहुंची। झांसी से परिवर्तन के महाअभियान में जुड़ते जनमानस और भाजपा कार्यकर्ताओं के स्वागत कार्यक्रम से बढ़ते हुए परिवर्तन रथ ललितपुर पहुंचा कार्यकर्ताओं का जोश और सत्ता परिवर्तन के साथ बेरोजगारी और दबंगई व्यवस्था के परिवर्तन के लिये उत्साहित जन मानस ने उद्घोष किया ‘‘अब की बार तीन सौ पार’’।
ललितपुर के दशहरा मैदान में हुई परिवर्तन सभा को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती ने बुन्देलखण्ड राज्य का समर्थन करते हुए कहा कि भाजपा हमेशा छोटे राज्यों की पक्षधर रही है। मैं ऐसा मानती हूॅ कि बुन्देलखण्ड अगले राज्य बनना ही चाहिए। लेकिन यह मेरा राजनीतिक मुद्दा नहीं है। बुन्देलखण्ड राज्य निर्माण के लिए सही नक्शा बनाया जाना जरूरी है। इसके लिए जनता को प्रदेश सरकार पर दबाव बनाना चाहिए। आप सभी भाजपा की सरकार बनाएं तभी बुन्देलखण्ड राज्य बन सकता है।
परिवर्तन के लिए जनता के आहवान करते हुए केन्द्रीय समाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थवरचन्द्र गहलोत ने कहा कि सपा और बसपा की सरकारों ने जातिवाद, क्षेत्रवाद को बढ़ावा दिया हैं। देश के महापुरूषों के मान और सम्मान बढ़ाने के बजाय भुलाने का काम किया है। भाजपा शासित राज्यों में हम जन-जन की सेवा करना ही अपना कर्तव्य बनाये हुए है।
बुन्देली धरती से परिवर्तन का शंखनाद करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा0 दिनेश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव  और उनके चाचा शिवपाल  तलवारे लहरा रहे थे और नीचे उनके गुण्डे नंगानाच कर रहे थे। मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी चेहरा दिखाया उस चेहरे में गायत्री प्रसाद और मुख्तार अंसारी का भी चेहरा दिख रहा है।
परिवर्तन यात्रा में साथ चल रहे भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो0 एसपी सिंह बघेल ने कहा कि उ0प्र0 में जंगलराज, कानून की बदहाल स्थिति, सरकारी ठेकों में मनमानी आदि बहुत सारे कारण है। जिसके लिए सत्ता परिवर्तन जरूरी है। भाजपा की सरकार आयेगी तो सत्ता परिवर्तन के साथ व्यवस्था परिवर्तन भी होगा। भारतीय जनता पार्टी का मुख्यमंत्री वही बनेगा, जो सौ प्रतिशत ईमानदार होगा।
परिवर्तन जनसभा में प्रमुख रूप से प्रदेश मंत्री एवं झांसी परिवर्तन यात्रा संयोजक सुरेश अवस्थी, क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह, जिलाध्यक्ष रमेश सिंह लोधी, प्रदीप चैबे उपस्थिति रहे। कार्यक्रम का संचालन जे0के0 सिंह ने किया।

 


Scroll To Top
Translate »