मुख्यमंत्री से यूक्रेन, यू0एस0आई0बी0सी0 और एस0आई0डी0एम0 के बिज़नेस डेलिगेट्स ने मुलाकात की


डिफेंस इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर को सुविधाजनक बनाने की दृष्टि 
से बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे का निर्माण किया जा रहा है: मुख्यमंत्री

लखनऊ | के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  से आज यहां डिफेंस एक्स्पो-2020 में स्थापित यू0पी0 पवेलियन के उद्योग बन्धु हाॅल में यूक्रेन, यू0एस0आई0बी0सी0 और एस0आई0डी0एम0 के बिज़नेस डेलिगेट्स ने मुलाकात की। सभी प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश में स्थापित किये जा रहे डिफेंस इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर में निवेश के प्रति अपनी रुचि दिखायी।
एविएशन और एयरोस्पेस के क्षेत्र में कार्यरत यूक्रेन की तितान एविएशन एण्ड एयरोस्पेस लि0 कम्पनी के प्रतिनिधिमण्डल की अगुवाई यूक्रेन के राजदूत डाॅ0 इगोर ने की। उन्होंने मुख्यमंत्री  के समक्ष अपनी बात हिन्दी में रखते हुए उत्तर प्रदेश में डिफेंस एक्स्पो जैसी विशाल प्रदर्शनी सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि वे उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में वर्ष 1990 से आते रहे हैं। तब के लखनऊ और आज के लखनऊ में जमीन आसमान का फर्क है। तेईस करोड़ की विशाल जनसंख्या वाला उत्तर प्रदेश अपने आप में एक देश है। यहां पर असीमित सम्भावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व की प्रशंसा की और कहा कि उनका देश यूक्रेन उत्तर प्रदेश के साथ सफल साझेदारी चाहता है।

तितान एविएशन एण्ड एयरोस्पेस के निदेशक श्री के0 गिरि कुमार ने मुख्यमंत्री  के समक्ष अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी कम्पनी डिफेंस इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर के तहत झांसी नोड में निवेश की इच्छुक है और अपनी इकाई अगले दो साल के अन्दर स्थापित कर चालू करना चाहती है। झांसी में स्थापित की जाने वाली इकाई में हवाई जहाज के पुर्जाें के साथ-साथ जहाजों का निर्माण भी किया जाएगा। कम्पनी झांसी में ही डिफेंस पार्क भी स्थापित करने की इच्छुक है। इस पार्क में हेलिकाॅप्टर और इससे सम्बन्धित पुर्जाें के निर्माण की इकाइयां स्थापित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री  ने यूक्रेन के राजदूत द्वारा हिन्दी में वार्तालाप करने पर उनका स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अपार प्राकृतिक संसाधन मौजूद हैं। इसके अलावा, राज्य की सड़क व हवाई कनेक्टिविटी बहुत अच्छी है। राज्य सरकार पूरे प्रदेश में सड़कों की कनेक्टिविटी और एक्सप्रेस-वे के निर्माण पर विशेष ध्यान दे रही है। ईस्टर्न और वेस्टर्न इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेंगे। इसके अलावा, जेवर में एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट स्थापित किया जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा निवेशकों की सुविधा के लिए यू0पी0 डिफेंस एण्ड एयरोस्पेस यूनिट एण्ड इम्प्लाॅयमेंट प्रोमोशन पाॅलिसी सहित अनेक नीतियां बनायी गयी हैं। बुन्देलखण्ड क्षेत्र में स्थापित किये जा रहे डिफेंस इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर को सुविधाजनक बनाने की दृष्टि से बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे का भी निर्माण किया जा रहा है। राज्य में बड़ी संख्या में कार्यकुशल कार्यबल भी मौजूद है।

दूसरी मुलाकात के दौरान यू0एस0 इण्डिया बिज़नेस काउन्सिल (यू0एस0आई0बी0सी0) के प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्यमंत्री  से मुलाकात कर डिफेंस इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर में निवेश की इच्छा जतायी। मुख्यमंत्री ने यू0एस0आई0बी0सी0 प्रतिनिधिमण्डल का स्वागत करते हुए कहा कि भारत और अमेरिका के बीच पुराने औद्योगिक सम्बन्ध हैं। उत्तर प्रदेश में स्थापित किये जा रहे डिफेंस इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर के चलते अब राज्य में इस सेक्टर में निवेश की अपार सम्भावनाएं मौजूद हैं। राज्य सरकार द्वारा उद्यमियों की सुविधा के लिए निवेश मित्र पोर्टल की स्थापना की गयी है। इसके माध्यम से उद्योगपति सभी सुविधाएं एक ही स्थल से प्राप्त कर सकते हैं। राज्य में निवेश को सुविधाजनक बनाने के लिए 21 नीतियों को लागू किया गया है।

मुख्यमंत्री  ने कहा कि फूड प्रोसेसिंग, वेयर हाउसिंग और डिफेंस टेक्नोलाॅजी पार्टनरशिप के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश में असीमित सम्भावनाएं मौजूद हैं। एम0एस0एम0ई0 तथा ओ0डी0ओ0पी0 में भी अपार सम्भावनाएं मौजूद हैं। उद्यमियों की सुविधा के लिए राज्य सरकार यू0एस0आई0बी0सी0 से बेहतर समन्वय स्थापित करेगी। उत्तर प्रदेश में निवेश एकदम सुरक्षित और फलदायी है।

यू0एस0आई0बी0सी0 की प्रेसिडेण्ट सुश्री निशा बिस्वाल ने मुख्यमंत्री  को धन्यवाद देते हुए कहा कि अमेरिका के उद्योगपति भारत में सप्लाई चेन की स्थापना के लिए कार्य करना चाहते हैं। डिफेंस सप्लाई चेन में उत्तर प्रदेश बहुत कुछ आॅफर कर सकता है। यू0एस0आई0बी0सी0 प्रतिनिधिमण्डल के एक अन्य सदस्य ने अपनी कम्पनी जैकब्स इंजीनियरिंग द्वारा डिफेंस इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर में निवेश में रुचि दिखायी।
एक अन्य बैठक में सोसाइटी आॅफ इण्डियन डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग (एस0आई0डी0एम0) के प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्यमंत्री  से भेंट कर उत्तर प्रदेश के डिफेंस इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर में निवेश की इच्छा जतायी। मुख्यमंत्री  ने प्रतिनिधिमण्डल का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी उत्तर प्रदेश को डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग का हब बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री जी के उद्देश्य को पूरा करने के लिए कटिबद्ध है। उद्यमियों की हर सम्भव सहायता की जाएगी। ज्ञातव्य है कि एस0आई0डी0एम0 नाॅलेज पार्टनर के रूप में यूपीडा से जुड़ा है।
भेंट के दौरान तीनों प्रतिनिधिमण्डल के सदस्यों को मुख्यमंत्री  द्वारा ओ0डी0ओ0पी0 उत्पाद भेंट किये गये। यूक्रेन के राजदूत ने मुख्यमंत्री  को स्मृति चिन्ह के रूप में गदा भेंट की।
इस अवसर पर औद्योगिक विकास मंत्री श्री सतीश महाना, मुख्य सचिव श्री आर0के0 तिवारी, अपर मुख्य सचिव गृह एवं सूचना तथा यूपीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री अवनीश कुमार अवस्थी, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री श्री एस0पी0 गोयल, प्रमुख सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास श्री आलोक कुमार, आई0आई0डी0सी0 श्री आलोक टण्डन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Scroll To Top
Translate »