देश की अर्थव्यवस्था को 05 ट्रिलियन डाॅलर बनाने में उत्तर प्रदेश की प्रमुख भूमिका— रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह


 

lucknow |रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इण्डस्ट्री कैप्टन्स से प्रदेश में निवेश करने का आह्वान करते हुए कहा कि यहां पर निवेशकों के लिए अनेक सुविधाएं और अवसर उपलब्ध हैं। राज्य के विकास के प्रति मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वे हमेशा भेंट के दौरान यहां प्रगति और रोजगार के नवीन अवसरों के बारे में चर्चा अवश्य करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी संगठन या संस्था के प्रमुख में जब उत्साह एवं उमंग होती है तो बड़ी से बड़ी चुनौती का सफलतापूर्वक सामना किया जा सकता है।|रक्षा मंत्री आज यहां डिफेन्स एक्सपो-2020 के अवसर पर उत्तर प्रदेश पवेलियन में यूपीडा और फिक्की के संयुक्त तत्वावधान में उत्तर प्रदेश डिफेन्स इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर द्वारा आयोजित संगोष्ठी में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।

रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने वर्ष 2024 तक भारत की अर्थव्यवस्था को 05 ट्रिलियन डाॅलर बनाने का लक्ष्य रखा है। वैश्विक स्तर पर अर्थव्यवस्था के धीमा पड़ जाने के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया की फास्टेस्ट ग्रोइंग इकोनाॅमी है। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को 05 ट्रिलियन बनाने में उत्तर प्रदेश की प्रमुख भूमिका है।

औद्योगिक विकास मंत्री श्री सतीश महाना ने कहा कि डिफेन्स इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर में निवेश को प्रोत्साहन देनेे के दृष्टिगत राज्य में उत्तर प्रदेश डिफेन्स एण्ड एरोस्पेस यूनिट एण्ड एम्प्लाॅयमेन्ट प्रमोशन पाॅलिसी लागू की गयी है। डिफेन्स मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में भारत अब एक उभरता हुआ देश है। राज्य सरकार द्वारा डिफेन्स इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर के लिए लैण्ड बैंक की व्यवस्था की गई है। इस काॅरिडोर में निवेश का यह सुनहरा अवसर है। राज्य सरकार सभी निवेशकों के साथ पूरा सहयोग करेगी। इससे बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित होगा।

यूपीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री अवनीश कुमार अवस्थी प्रदेश में उपलब्ध सम्भावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश से 02 इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर, 02 फ्रेट काॅरिडोर एवं 01 वाटर-वे गुजरते हैं। देश में एक्सप्रेस-वे का सबसे विशाल नेटवर्क यहां उपलब्ध हैं। रक्षा उत्पादन से जुड़ी सर्वाधिक इकाइयां हमारे राज्य में हैं। इनमें 09 आॅर्डनेन्स फैक्टरी तथा एच0ए0एल0 की 03 इकाइयां शामिल हैं। इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर में निवेश आकर्षित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा लागू नीति में निवेशकों को अनेक सुविधाएं उपलब्ध करायी हैं। उन्होंने कहा कि डिफेन्स काॅरिडोर के सम्बन्ध में डिफेन्स एक्सपो-2020 के दौरान हस्ताक्षरित होने वाले एम0ओ0यू0 को इस माह के अन्त तक क्लीयर कर दिया जाएगा।


Scroll To Top
Translate »