मुख्यमंत्री ने निवेशकों एवं उद्यमियों को डिफेन्स काॅरिडोर के माध्यम से प्रदेश के विकास में भागीदार बनने के लिए आमंत्रित किया


 

लखनऊ |  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने कहा है कि उत्तर प्रदेश सम्भावनाओं वाला प्रदेश है। राष्ट्रीय राजधानी से सीधा जुड़ा होेने के कारण यहां राष्ट्रीय राजमार्ग, एक्सपे्रसवेज तथा वायु सेवा की बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध है। ईस्टर्न एवं वेस्टर्न फ्रेट काॅरिडोर उत्तर प्रदेश से गुजरते हैं। दोनों का जंक्शन भी प्रदेश स्थित बोड़ाकी में होता है।

मुख्यमंत्री  आज यहां डिफेन्स एक्सपो-2020 के अवसर पर उत्तर प्रदेश पवेलियन में यूपीडा और फिक्की के संयुक्त तत्वावधान में उत्तर प्रदेश डिफेन्स इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर द्वारा आयोजित संगोष्ठी में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। संगोष्ठी के आयोजन के लिए फिक्की एवं यूपीडा के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों संस्थाओं ने प्रदेश में विकसित किये जा रहे डिफेन्स इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर को आगे बढ़ाने के लिए डिफेन्स एक्सपो के इस मंच का सार्थक उपयोग किया है।

मुख्यमंत्री  ने कहा कि प्रदेश में उपलब्ध सम्भावनाओं को गति देने की दृष्टि से हमारे लिए डिफेन्स काॅरिडोर अत्यन्त महत्वपूर्ण है। प्रदेश सरकार ने इस सम्बन्ध में एक नीति बनायी है, जिसमें निवेशकों के लिए बहुत अच्छी सुविधाओं की व्यवस्था की गयी है। इसके अलावा, उद्यमों की स्थापना के लिए भूमि उपलब्ध कराने के लिए लैण्ड बैंक बनाया गया है।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि फरवरी, 2018 में सम्पन्न उत्तर प्रदेश इन्वेस्टर्स समिट में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने प्रदेश में एक डिफेन्स इण्डस्ट्रियल काॅरिडोर की स्थापना कराये जाने की घोषणा की थी। निवेशकों एवं उद्यमियों को डिफेन्स काॅरिडोर के माध्यम से प्रदेश के विकास में भागीदार बनने के लिए आमंत्रित करते हुए उन्होंने कहा कि निवेशकों का यह प्रयास उत्तर प्रदेश के विकास तथा रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में भारत को आत्म निर्भर बनाने के साथ-साथ उनके कारोबार में वृद्धि का भी माध्यम बनेगा।
डिफेन्स एक्सपो-2020 के आयोजन के लिए रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री  ने कहा कि डिफेन्स एक्सपो को एक यूनिक इवेन्ट के रूप में प्रस्तुत किये जाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार भारत सरकार को पूरा सहयोग प्रदान कर रही है।

मुख्यमंत्री  ने कहा कि निवेश आकर्षित करने और नये उद्यमों की स्थापना के लिए राज्य सरकार प्रदेश के परसेप्शन में बदलाव लाने में सफल रही है। उद्योग स्थापना के लिए अनुकूल माहौल बनाने में प्रदेश की बेहतर कानून व्यवस्था तथा निवेश को प्रोत्साहित करने वाली 21 नीतियों की बड़ी भूमिका है। विगत 02 वर्षाें में उत्तर प्रदेश में 2.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हुआ है, जिससे 33 लाख से अधिक रोजगार की सम्भावनाएं पैदा हुई हैं।

मुख्यमंत्री  ने कहा कि प्रदेश के महानगरों को स्मार्ट एवं सेफ सिटी के तौर पर विकसित किया जा रहा है। भारत सरकार द्वारा पूरे देश में चयनित 100 स्मार्ट सिटी में से 10 उत्तर प्रदेश में हैं। राज्य के शेष 07 नगर निगम वाले शहरों को प्रदेश सरकार अपने स्रोतों से विकसित कर रही है। उन्होंने कहा कि इस कार्य में निवेशकों के लिए अपार सम्भावनाएं हैं। इसी प्रकार जल जीवन मिशन के माध्यम से पेयजल आपूर्ति का बड़ा कार्यक्रम प्रारम्भ होने जा रहा है। पहले चरण में बुन्देलखण्ड क्षेत्र में 10 हजार करोड़ रुपये की लागत से अगले महीने कार्य प्रारम्भ किया जाएगा। बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य इसी माह प्रारम्भ हो जाएगा। इस परियोजना के लिए बिड प्रक्रिया पूरी करते हुए भूमि की व्यवस्था कर दी गयी है। मेरठ से प्रयागराज को जोड़ने वाले गंगा एक्सप्रेस-वे का सर्वे कार्य पूरा हो गया है। डी0पी0आर0 तैयार की जा रही है। प्रयास रहेगा कि इस परियोजना का कार्य इस वर्ष के अन्त तक प्रारम्भ हो जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में 02 हवाई अड्डे क्रियाशील थे। वर्तमान में गोरखपुर सहित 06 हवाई अड्डों से हवाई सेवा उपलब्ध है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि पहले गोरखपुर से नियमित वायु सेवा उपलब्ध नहीं थी, जबकि आज वहां से दिल्ली, मुम्बई, प्रयागराज, कोलकाता तथा हैदराबाद के लिए बोइंग विमान से वायु सेवा उपलब्ध है। जेवर में एशिया का सबसे बड़ा हवाई अड्डा बनाया जा रहा है। वर्तमान में कुशीनगर में एक अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट तथा अयोध्या में एक हवाई अड्डे के लिए कार्य चल रहा है। एच0ए0एल0 के डोर्नियर विमान का देश में पहली बार उत्तर प्रदेश में वायु यात्री सेवा में उपयोग होने जा रहा है। अभी तक इस विमान का भारतीय वायु सेना तथा कोस्टगार्ड द्वारा ही उपयोग किया जाता था।

फिक्की के ग्रुप प्रेसिडेन्ट एयरोस्पेस एण्ड डिफेन्स श्री एस0पी0 शुक्ला ने अतिथियों का स्वागत किया। प्रमुख सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास श्री आलोक कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी एवं रक्षा मंत्री को 10-10 वृक्षों के ग्रीन सर्टिफिकेट भेंट किये गये।
इस मौके पर प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री श्री एस0पी0 गोयल, आई0आई0डी0सी0 श्री आलोक टण्डन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।


Scroll To Top
Translate »