मोबाइल बैंकिंग सेवा को बढ़ावा देकर ही किसानों, गरीबों व आमजन के जीवन में खुशहाली लायी जा सकती है—- मुख्यमंत्री योगी


मुख्यमंत्री ने उ0प्र0 कोआपरेटिव बैंक लि0 एवं जिला सहाकारी 
बैंकों हेतु मोबाइल वैन को झण्डी दिखाकर रवाना किया
 
 
लखनऊ|   मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने कहा कि किसानों की खुशहाली और देश के विकास में सहकारिता का महत्वपूर्ण योगदान है। वर्तमान सरकार ने सहकारी बैंको को आर्थिक मदद देकर सहकारिता विभाग को मजबूत करने का कार्य किया है। मोबाइल बैंकिंग सेवा को बढ़ावा देकर ही किसानों, गरीबों व आमजन के जीवन में खुशहाली लायी जा सकती है।
मुख्यमंत्री ने यह विचार आज अपने सरकारी आवास 05, कालिदास मार्ग पर उ0प्र0 कोआपरेटिव बैंक लि0 के तत्वावधान में नाबार्ड द्वारा प्रायोजित उ0प्र0 कोआपरेटिव बैंक लि0 एवं जिला सहकारी बैंकों हेतु मोबाइल वैन के लोकार्पण कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए व्यक्त कियेे। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत वैन के माध्यम से नकद जमा व निकासी के साथ-साथ समस्त प्रकार के खातों के संचालन की सुविधा प्रचलित ब्याज दरों पर उपलब्ध होगी। इस अवसर पर उन्होंने मोबाइल वैन को झण्डी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि प्रदेश के 50 जिला सहकारी बैंकों में से 39 बैंकों को 01-01 वैन उपलब्ध करायी गयी है, जिससे 50 जनपद लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि मोबाइल वैन के माध्यम से ग्राहकों को आधुनिक बैंकिंग सेवायें जैसे ए0टी0एम0, डेबिट कार्ड, माइक्रो ए0टी0एम0- च्व्ै के साथ-साथ आर0टी0जी0एस0/एन0ई0एफ0टी0 इत्यादि सुविधायें उपलब्ध होंगी। यह वैन चलती-फिरती बैंक शाखा के रूप में कार्य करेगी, जिससे दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग की आधुनिक सेवाएं उनके द्वार पर उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि  भारत के प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी  ने वर्ष 2022 तक नये भारत के निर्माण का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में यह मोबाइल बैंकिंग सेवा मील का पत्थर साबित होगी।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि वर्ष 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। कृषि क्षेत्र के विकास में सहकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। सेवा भाव के माध्यम से सहकारिता आन्दोलन को मजबूत बनाया जा सकता है। केन्द्र सरकार व राज्य सरकार इसी भावना के अनुरूप कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि विगत दिनों प्रधानमंत्री ने ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पी0एम0-किसान)’ योजना का शुभारम्भ किया । इस योजना से प्रदेश के 02 करोड़ 14 लाख लघु और सीमांत किसान लाभान्वित होंगे।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सहकारिता मंत्री श्री मुकुट बिहारी वर्मा ने कहा कि वर्तमान सरकार के सकारात्मक प्रयासों के परिणामस्वरूप अब गांव-गांव तक आमजन को मोबाइल वैन के माध्यम से बैंकिंग सेवा प्राप्त होगी।
ज्ञातव्य है कि प्रदेश में त्रिस्तरीय सहकारी साख ढाॅचा विद्यमान है। जिसमें राज्य स्तर पर उ0प्र0 कोआपरेटिव बैंक, जिले स्तर पर जिला सहकारी बैंक एवं न्याय पंचायत स्तर पर प्रारम्भिक कृषि ऋण सहकारी समितियां (पैक्स) विद्यमान हैं। उ0प्र0 कोआपरेटिव बैंक लाईसेन्स प्राप्त शिड्यूल्ड बैंक है, जिसकी प्रदेश में 27 शाखाएं हैं।
इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही, सूचना राज्य मंत्री डाॅ0 नीलकंठ तिवारी, उत्तर प्रदेश कोआपरेटिव बैंक के अध्यक्ष श्री तेजवीर सिंह, प्रमुख सचिव सहकारिता श्री एम0वी0एस0 रामी रेड्डी, नाबार्ड के मुख्य महाप्रबन्धक श्री ए0के0 सिंह सहित सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद थे।

Scroll To Top
Translate »