सी0जी0 सिटी में निर्माणाधीन एस0टी0पी0 एवं ओवरहेड टैंक के कार्यों में और अधिक गति लाई जाये—आलोक रंजन


unnamed6654765
जनेश्वर मिश्र पार्क में कराये जा रहे नवीन कार्य निर्धारित मानक
एवं गुणवत्ता के साथ यथाशीघ्र पूर्ण कराया जाये
लखनऊ:  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार श्री आलोक रंजन ने निर्देश दिये हैं कि राज्य व्यापी डाॅयल-100 परियोजना को निर्धारित समय में क्रियाशील कराये जाने हेतु भू-तल पर काॅल सेण्टर वाला भाग आगामी 30 सितम्बर, 2016 तक प्रत्येक दशा में पूर्ण कराया जाये। उन्होंने कहा कि काॅल सेण्टर के समस्त निर्माण कार्योें को 15 सितम्बर तक पूर्ण कराकर टेक्नोलाॅजी एण्ड आॅपरेशनलाइजेशन हेतु चयनित मेसर्स महिन्द्रा डिफेंस सिस्टम्स लिमिटेड टेक्नाॅलाॅजी पार्टनर को हस्तांतरित कर कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण कराने हेतु नियमित अनुश्रवण किया जाये। उन्होंने कहा कि परियोजना से सम्बंधित चार पहिया वाहनों का व्यवस्थापन भी निर्धारित समय सारिणी के अनुसार करा लिया जाये। उन्होंने कहा कि आगरा में फतेहाबाद मार्ग पर स्थित पी0ए0सी0 ग्राउण्ड में कैफे स्ट्रीट के निर्माण कार्यों में और अधिक गति लाकर आगामी जनवरी, 2017 तक पूर्ण करा दिया जाये, ताकि पर्यटकों को विश्वस्तरीय कैफे एवं रेस्टोरेंट की सुविधा प्राप्त हो सके।
मुख्य सलाहकार आज अपने कार्यालय कक्ष के सभागार में प्रोजेक्ट माॅनीटनिंग ग्रुप की बैठक कर वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि जनेश्वर मिश्र पार्क में कराये जा रहे नवीन कार्यों के साथ-साथ सम्पर्क मार्ग का कार्य निर्धारित मानक एवं गुणवत्ता के साथ यथाशीघ्र पूर्ण कराया जाये। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन आई0आई0आई0टी0 के कार्यों को निश्चित अवधि में पूर्ण कराने हेतु समय-सारिणी बना कर निर्माण कार्यों का निरंतर अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि जय प्रकाश नारायण सेण्टर के चारों ब्लाॅकों के कार्य आगामी अक्टूबर के अंत तक पूर्ण कराने हेतु कार्यों की नियमित माॅनीटरिंग की जाये तथा सेण्टर के संचालन हेतु आवश्यक कार्यवाही भी समय से सुनिश्चित करा ली जाये।
श्री रंजन ने निर्देश दिए हैं कि पुराने लखनऊ में चल रहे विकास कार्यों के अंतर्गत गुलाब पार्क के ड्रेनेज का कार्य प्राथमिकता से कराते हुए समस्त कार्य आगामी 15 नवम्बर तक पूर्ण कराये जायें। उन्होंने कहा कि सी0जी0 सिटी में निर्माणाधीन एस0टी0पी0 एवं ओवरहेड टैंक के कार्यों में और अधिक गति लाई जाये। उन्होंने लखनऊ मेट्रो संचालन हेतु आगामी नवम्बर तक ट्रेन कोचों को तैयार कराने के निर्देश देते हुए कहा कि आगामी दिसम्बर में ट्राॅयल हेतु समस्त आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करा ली जायें। उन्होंने कहा कि कानपुर में मेट्रो का कार्य प्रारम्भ कराने हेतु समस्त औपचारिकताएं पूर्ण कराते हुए आगामी अक्टूबर माह में शिलान्यास कराने हेतु मा0 मुख्यमंत्री जी से समय प्राप्त करने का अनुरोध किया जाये, ताकि यथाशीघ्र कानपुरवासियों को मेट्रो की सुविधा प्राप्त हो सके।
बैठक में प्रमुख सचिव आवास श्री सदाकांत, प्रमुख सचिव गृह श्री देवाशीष पाण्डा, सचिव मुख्यमंत्री श्री पार्थ सारथी सेन शर्मा, सचिव आवास श्री पनधारी यादव, लखनऊ मेट्रो के प्रबंध निदेशक श्री कुमार केशव, उपाध्यक्ष लखनऊ विकास प्राधिकरण श्री अनूप यादव, स्टाॅफ आॅफिसर श्री हृषिकेश भास्कर यशोद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।

Scroll To Top
Translate »