
नई दिल्ली: बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने नोटबंदी को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा कराए गए सर्वे पर करारा हमला बोला है. मायावती ने कहा कि प्रधानमंत्री लोकसभा भंग कराके चुनाव करा लें मोदी, उन्हें ‘देश का मूड’ पता चल जाएगा.
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि नोटबंदी पर उनका सर्वेक्षण फर्जी और प्रायोजित है. बीएसपी सुप्रीमो ने इसके साथ ही पीएम मोदी को लोकसभा भंग करके चुनाव कराने की चुनौती भी दी.
नोटबंदी के फैसले को लेकर सरकार के खिलाफ लगातार मुखर मायावती ने गुरुवार को संसद के बाहर कहा, “मोदीजी का सर्वेक्षण फर्जी और प्रायोजित है. अगर प्रधानमंत्री में हिम्मत है तो वह लोकसभा भंग करके चुनाव का सामना करें, तभी असली सर्वे होगा.”
मायावती की टिप्पणी बुधवार को सरकार के इस दावे के बाद आई है कि एक ऐप आधारित सर्वे में शामिल लोगों में से 93 प्रतिशत ने नोटबंदी के फैसले का समर्थन किया है. आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को लोगों को उनके आधिकारिक ऐप के जरिए केंद्र के नोटबंदी के कदम पर अपनी राय रखने को कहा था.
https://rashtriyadinmaan.com
