
आईएएस अनुराग मामला
लखनऊ, । आईएएस अफसर अनुराग तिवारी केस में बुधवार को सीबीआई की टीम ने एलडीए वीसी पीएन सिंह पर शिकंजा कसते हुए उनके करीबी अफसरों से भी पूछताछ की। पूछताछ के लिए सीबीआई ने एलडीए के वीसी और उनके करीबियों को अपने कार्यालय बुलाया था। सीबीआई की टीम ने व्यवस्थाधिकारी अशोक पाल सिंह, वीसी के पीएसओ विशाल, ड्राइवर सुभाष, उतबीर हसन से पूछताछ की। सीबीआई आईएएस अनुराग तिवारी की मौत के मामले में काफी सख्त है और सबूत तलाश रही है।
गौरतलब है कि आईएएस अनुराग तिवारी लखनऊ विकास प्राधिकरण के वीसी के साथ उनके 19 नंबर कमरे में मीराबाई मार्ग गेस्ट हॉउस में रुके थे। गत 17 मई को सुबह करीब 6ः30 बजे उनका शव मीराबाई मार्ग पर गेस्टहाऊस के पास लगे ट्रांसफार्मर के सामने सड़क किनारे औंधे मुंह पड़ा मिला। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को उनकी तलाशी के दौरान जेब से पर्स और पैसे मिले हैं। पुलिस ने जेब से मिले आईकार्ड के आधार पर उनकी शिनाख्त की। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो मृतक अधिकारी के मुंह और सिर पर चोट के निशान थे।
आईएएस अधिकारी का शव मिलने की सूचना मिलते ही आईजी रेंज लखनऊ जय नारायण सिंह, एसएसपी दीपक कुमार सहित कई आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि उन्होंने मंगलवार की रात करीब 11 बजे अपने साथियों के साथ खाना खाया। आशंका है कि वह सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले होंगे और उनकी सड़क पर गिरने से मौत हो गई थी। पूछताछ में पता चला है कि वह मंसूरी में ट्रेनिंग लेने के बाद दो दिन पहले लखनऊ आये थे। फिलहाल मौत की गुत्थी अभी तक नहीं सुलझ पाई है।
https://rashtriyadinmaan.com
