सीबीआई का बेजा इस्तेमाल कर रहा पीएमओ: कांग्रेस


-jpg
नई दिल्ली |    कांग्रेस ने प्रधानमंत्री कार्यालय पर केन्द्रीय जांच ब्यूरो के बेजा इस्तेमाल और उसे नियंत्रित करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस प्रवक्ता आरपीएन सिंह ने कहा कि पीएमओ के दबाव में सीबीआई ने पहले बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह से जुड़े एक मामले में अपील नहीं की और अब इस मामले में दायर पीआईएल का विरोध कर रही है। देश इस मामले में पीएम मोदी से जवाब चाहता है।
आरपीएन सिंह  मीडिया से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने से पहले नरेन्द्र मोदी सीबीआई और यूपीए सरकार को लेकर तरह-तरह के आरोप लगाते रहे हैं। विगत तीन वर्षों से पीएमओ सीबीआई का बेजा इस्तेमाल कर रहा है, जिसे पूरा देश देख रहा है। जानकारी हो कि फर्जी मुठभेड़ से जुड़े एक मामले में अमित शाह अभियुक्त थे, जिसमें उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर इस मामले की सुनवाई महाराष्ट्र में हुई थी।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि अदालत द्वारा शाह को बरी किए जाने के खिलाफ सीबीआई ने अपील नहीं की। अब मुंबई अधिवक्ता संघ द्वारा इस मामले में पीआईएल दायर किए जाने पर वह इसका विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि फर्जी मुठभेड़ मामले की सुनवाई कर रही सीबीआई अदालत के जज बीएच लोया की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आरपीएन सिंह ने कहा कि सीबीआई कार्मिक विभाग के अधीन आता है और यह पीएमओ के अधीन है। पीएमओ सीबीआई पर दबाव बना रहा है। देश शाह से जुड़े इस मामले में पीएम मोदी से जवाब चाहता है।


Scroll To Top
Translate »